चमोली की बिरही गंगा सहकारिता की वार्षिक आम सभा, शेयरधारकों को ₹1.79 लाख का लाभांश वितरित

चमोली। विकासखंड दशोली में रीप ग्रामोत्थान परियोजना एवं आजीविका मिशन के माध्यम से गठित बिरही गंगा स्वायत्त सहकारिता की वार्षिक आम सभा 2025-26 का आयोजन 8 अगस्त को विकासखंड सभागार में किया गया। कार्यक्रम में सहकारिता के पदाधिकारियों, शेयरधारकों, अधिकारियों एवं संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।

नई कार्यकारिणी का गठन

आम सभा के दौरान सहकारिता की कार्यकारिणी का पुनर्गठन किया गया। सर्वसम्मति से शकुंतला देवी को अध्यक्ष, अर्चना देवी को कोषाध्यक्ष और कुसुम देवी को सचिव चुना गया। साथ ही बोर्ड/ईसी सदस्यों का भी चुनाव किया गया।

शेयरधारकों को मिला लाभांश

कार्यक्रम में रीप ग्रामोत्थान परियोजना के तहत व्यक्तिगत उद्यमों के लिए चयनित लाभार्थियों को ₹1.86 लाख तथा शेयरधारकों को लाभांश के रूप में ₹1,79,358 की राशि वितरित की गई। लाभांश मिलने से शेयरधारकों में उत्साह देखने को मिला।

आजीविका और उद्यम विकास पर जोर

मुख्य अतिथि जिला परियोजना प्रबंधक शशिकांत यादव और खंड विकास अधिकारी दशोली ने सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए योजनाओं से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया। अधिकारियों ने स्थानीय संसाधनों पर आधारित उद्यमों को बढ़ावा देने, अधिक महिला सदस्यों को स्थायी आजीविका से जोड़ने और सहकारिता में पारदर्शिता एवं सामूहिक सहभागिता बनाए रखने पर जोर दिया।

कार्यक्रम के अंत में पूर्व अध्यक्ष रामेश्वरी देवी और नवनिर्वाचित अध्यक्ष शकुंतला देवी ने सभी अधिकारियों, पदाधिकारियों, शेयरधारकों एवं संकुल स्टाफ का आभार व्यक्त किया।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें