चमोली। विकासखंड पोखरी के अंतर्गत राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय सूगी एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिर बमोथ की ओर से न्याय पंचायत केंद्र मुख्यालय बमोथ स्थित पंचायत भवन में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीण क्षेत्र के 36 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और उन्हें निशुल्क दवाइयाँ वितरित की गईं।
उच्च रक्तचाप और मधुमेह के मरीजों की हुई जाँच
आयुर्वेदिक चिकित्सालय सूगी की चिकित्साधिकारी डॉ. हेमू रावत तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिर बमोथ की CHO दीक्षा भंडारी ने बताया कि शिविर में अधिकांश मरीज उच्च रक्तचाप, मधुमेह, त्वचा संबंधी विकार, ज्वर-बुखार और पेट से जुड़ी समस्याओं से पीड़ित पाए गए।
चिकित्सकों ने मरीजों को उनकी बीमारी के अनुसार उचित चिकित्सकीय परामर्श दिया। साथ ही खान-पान में आवश्यक सावधानियाँ बरतने की जानकारी देते हुए संबंधित रोगों की दवाइयाँ निशुल्क उपलब्ध कराई गईं।
स्वच्छता और योग के प्रति किया जागरूक
शिविर के दौरान ग्रामीणों को गाँव में स्वच्छता बनाए रखने और आसपास गंदा पानी जमा न होने देने की सलाह दी गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को साफ-सफाई के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया।
योग प्रशिक्षिका रेखा लखेड़ा ने ग्रामीणों को विभिन्न प्रकार के योगासनों की जानकारी देते हुए नियमित योग को दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया।
ये रहे मौजूद
शिविर में फार्मेसी अधिकारी लक्ष्मी, स्वास्थ्य सहायक मुकेश थपलियाल, आंगनबाड़ी कार्यकत्री दीपा बहुगुणा, आशा कार्यकत्री सरोजनी देवी सहित पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रदीप लखेड़ा, पूर्व प्रधान सैनानी प्रसाद चमोला, ललिता प्रसाद लखेड़ा, सुनीता देवी, शांता देवी, उमा देवी, पारेश्वरी देवी, देवेश्वरी देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएँ मौजूद रहीं।
रिपोर्ट: प्रदीप चौहान
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
