चमोली। जिले की सुदूरवर्ती बिछना चांदपुर पट्टी में शहीद बाबा मोहन उत्तराखंडी की स्मृति में मेले का आयोजन किया गया। आयोजकों ने मुख्य अतिथि उक्रांद युवा केंद्रीय अध्यक्ष आशीष नेगी का फूलमालाओं और शॉल भेंट कर स्वागत किया।
स्थानीय संस्कृति से जुड़ने का माध्यम हैं मेले
आशीष नेगी ने कहा कि ऐसे मेले युवाओं को अपनी पौराणिक एवं स्थानीय संस्कृति से परिचित कराने के साथ आपसी मेलजोल और सौहार्द बढ़ाने का माध्यम हैं। उन्होंने युवाओं और महिलाओं से गांव के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में आशीष नेगी, युवा केंद्रीय प्रकोष्ठ महामंत्री अर्जुन कंडारी और राज्य आंदोलनकारी सेवानिवृत्त शिक्षक कमल किशोर डिमरी ने बाबा मोहन उत्तराखंडी के स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की।
जल, जंगल, जमीन और गैरसैंण राजधानी के मुद्दे उठाए
आशीष नेगी ने कहा कि बाबा मोहन उत्तराखंडी की शहादत को व्यर्थ नहीं जाने दिया जाएगा और जल, जंगल, जमीन, गैरसैंण राजधानी तथा मूलभूत अधिकारों की लड़ाई जारी रखी जाएगी।
इस दौरान स्थानीय महिलाओं ने मां नंदा-सुन्दा के सम्मान में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कांग्रेस और भाजपा पर उत्तराखंड के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उक्रांद राज्य के मूल अधिकारों और हितों की लड़ाई आगे भी जारी रखेगा।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
