उत्तरकाशी। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर पापड़ गाड़ के पास शनिवार सुबह कांवड़ियों से भरा पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गंगा नदी की ओर खाई में जा गिरा। गनीमत रही कि वाहन नदी में गिरने से पहले पत्थरों के बीच रुक गया। हादसे में वाहन सवार सभी कांवड़िये सुरक्षित हैं।
स्थानीय लोगों ने पहुंचकर संभाला मोर्चा
घटना के बाद कांवड़ियों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और बीआरओ की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और खाई में गिरे वाहन को सुरक्षित बाहर निकाला।
70 मीटर हिस्सा लगातार धंस रहा
स्थानीय लोगों के अनुसार पापड़ गाड़ क्षेत्र लंबे समय से संवेदनशील बना हुआ है। यहां गंगोत्री हाईवे का करीब 70 मीटर हिस्सा गंगा नदी की ओर धंस रहा है। वर्ष 2025 की आपदा में भी सड़क का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ था। इसके बाद बीआरओ ने सड़क का निर्माण तो किया, लेकिन भूस्खलन रोकने के लिए स्थायी सुरक्षा उपाय नहीं किए गए।
कांवड़ यात्रा के बीच सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
वर्तमान में कांवड़ यात्रा के चलते गंगोत्री धाम से जल लेने के लिए रोज बड़ी संख्या में कांवड़िए पहुंच रहे हैं। ऐसे में पापड़ गाड़ जैसे संवेदनशील स्थान पर सड़क की स्थिति और सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
भाजपा नेता जगमोहन सिंह रावत ने सड़क को दुरुस्त कराने, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और भविष्य में हादसों को रोकने के लिए स्थायी सुरक्षात्मक कार्य कराने की मांग की है।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
