बागेश्वर के कपकोट में क्षेत्र पंचायत सदस्य का शव खीरगंगा नदी किनारे मिला, पुलिस जांच में जुटी

बागेश्वर। कपकोट ब्लॉक मुख्यालय के समीप नगर पंचायत के वार्ड संख्या-7 में शनिवार सुबह खीरगंगा नदी किनारे क्षेत्र पंचायत सदस्य का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान जालेख निवासी 48 वर्षीय तारा सिंह कोरंगा के रूप में हुई है। वह गडेरा क्षेत्र से क्षेत्र पंचायत सदस्य थे।

पड़ोस की बच्ची ने दी जानकारी

तारा सिंह अपने परिवार के साथ जालेख गांव में रहते थे, जबकि खीरगंगा नदी किनारे स्थित आवास में अकेले रहते थे। शनिवार सुबह पड़ोस में रहने वाली करीब तीन वर्षीय बच्ची बरामदे में पहुंची, जहां उसने तारा सिंह को देखा। बच्ची ने इसकी जानकारी अपनी मां को दी, जिसके बाद आसपास के लोगों को घटना का पता चला और मौके पर भीड़ जुट गई।

मौत के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

तारा सिंह अपने परिवार के इकलौते बेटे थे। उनके परिवार में माता-पिता, पत्नी और तीन बच्चे हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें