नैनीताल में भू-कानून के 14 मामलों में 304 नाली जमीन सरकार में निहित, डीएम ने जारी किए आदेश

नैनीताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार के सख्त भू कानून के तहत नैनीताल जिले में कार्रवाई तेज कर दी गई है। भू कानून के उल्लंघन के 14 मामलों में 6.088 हेक्टेयर यानी करीब 304 नाली भूमि राज्य सरकार में निहित करने के आदेश जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जारी किए हैं।

इन मामलों में मिला भू कानून का उल्लंघन

जांच के दौरान बागवानी के लिए खरीदी गई भूमि का निर्धारित उद्देश्य के अनुसार उपयोग नहीं करने, परिवार के अलग-अलग सदस्यों के नाम पर तय सीमा से अधिक भूमि खरीदने और कृषि भूमि पर व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करने के मामले सामने आए।

इसके अलावा एससी भूमि का नियमों के विपरीत सामान्य वर्ग को विक्रय और आवासीय भूमि का व्यावसायिक उपयोग किए जाने के मामले भी पाए गए।

जनहित में होगा भूमि का उपयोग

प्रशासन के अनुसार, नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित भूमि राज्य सरकार में निहित की गई है। भविष्य में इन जमीनों का उपयोग जनहित एवं सार्वजनिक प्रयोजनों के लिए किया जाएगा।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि भू कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और भूमि के क्रय-विक्रय में पारदर्शिता एवं कानून का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें