बागेश्वर: कौसानी स्टेट के DSC जवान महेंद्र सिंह का हार्ट अटैक से निधन, सेवानिवृत्ति से 28 दिन पहले हुआ हादसा

बागेश्वर। कौसानी स्टेट निवासी एवं डिफेंस सिक्योरिटी कोर (डीएससी) में तैनात सैनिक महेंद्र सिंह का संदिग्ध परिस्थितियों में हार्ट अटैक से निधन हो गया। उनके आकस्मिक निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

सीने में दर्द के बाद अस्पताल ले गए, चिकित्सकों ने किया मृत घोषित

जानकारी के अनुसार, 56 वर्षीय महेंद्र सिंह, पुत्र स्वर्गीय खड़क सिंह, शनिवार रात अचानक अस्वस्थ हो गए। सीने में तेज दर्द की शिकायत होने पर परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा।

सैन्य सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई

रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद सरयू-गोमती संगम पर पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान कौसानी से पहुंची सिग्नल कोर की टुकड़ी ने उन्हें अंतिम सलामी दी। उनके पुत्र विशाल और विक्रम ने मुखाग्नि दी।

28 दिन बाद होना था रिटायरमेंट

महेंद्र सिंह वर्तमान में देहरादून स्थित डिफेंस सिक्योरिटी कोर में तैनात थे और अवकाश पर अपने घर आए हुए थे। उन्हें दो दिन बाद वापस ड्यूटी पर लौटना था। उनकी 30 अगस्त को सेवानिवृत्ति निर्धारित थी, लेकिन उससे महज 28 दिन पहले उनका निधन हो गया।

उनके असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अंतिम विदाई के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, परिजन और सैन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें