कर्णप्रयाग। कृष्ण जन्माष्टमी महाकौथिग के शुभारंभ अवसर पर माईथान में सैनिक सम्मान को समर्पित एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान भारतीय सेना के जांबाज सेवानिवृत्त अधिकारी एवं समाजसेवी कर्नल अजय कोठियाल के साथ भारत माता के वीर सपूतों और अमर शहीदों को नमन करते हुए भारत के प्रथम चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) एवं उत्तराखंड के वीर सपूत स्वर्गीय जनरल बिपिन रावत की प्रतिमा का अनावरण किया गया।
कार्यक्रम में आजादी के बाद से राष्ट्र की सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले क्षेत्र के वीर शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया गया। साथ ही क्षेत्र के विभिन्न सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारियों एवं भूतपूर्व सैनिकों को भी सम्मान प्रदान किया गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा और राष्ट्र की सेवा में सैनिकों का योगदान अतुलनीय है। सैनिकों और शहीदों का सम्मान समाज और राष्ट्र का कर्तव्य है तथा आने वाली पीढ़ियों को उनके त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेनी चाहिए।
कृष्ण जन्माष्टमी महाकौथिग के शुभारंभ समारोह में कर्णप्रयाग विधानसभा के विधायक अनिल नौटियाल, मेला समिति की अध्यक्ष श्रीमती गुड्डी मड़वाल, भूतपूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष नैन सिंह नेगी, ब्लॉक प्रमुख श्रीमती दुर्गा देवी, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती अनीता रावत, भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष कुलदीप रावत सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, मातृशक्ति, वरिष्ठ कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: प्रदीप चौहान
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
