रुड़की। राष्ट्रमंडल खेलों की शॉट पुट स्पर्धा में उत्तराखंड के लांस नायक शुभम जुयाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया है। उनकी इस उपलब्धि से उत्तराखंड और देश का गौरव बढ़ा है, वहीं उनके गृह क्षेत्र ढंडेरा में खुशी का माहौल है।
शुभम जुयाल नगर पंचायत ढंडेरा के आदर्श शिवाजी नगर के निवासी हैं और वर्तमान में भारतीय सेना की 51 इंजीनियर यूनिट, पुणे में सेवारत हैं। भारतीय सेना का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
परिजनों को दी बधाई
शुभम की सफलता की खबर मिलते ही नगर पंचायत अध्यक्ष सतीश नेगी उनके आवास पहुंचे और उनकी माता अनीता देवी तथा पत्नी निशा को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शुभम ने अपने प्रदर्शन से ढंडेरा, उत्तराखंड और पूरे देश का नाम रोशन किया है।
पत्नी भी रह चुकी हैं राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी
शुभम की पत्नी निशा राष्ट्रीय स्तर की कराटे खिलाड़ी रह चुकी हैं और वर्ष 2019 में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि शुभम भविष्य में स्वर्ण पदक जीतकर देश को और गौरवान्वित करेंगे।
खेल सुविधाओं के विकास की उठी मांग
नगर पंचायत अध्यक्ष सतीश नेगी ने कहा कि उत्तराखंड प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की भूमि रही है। उन्होंने राज्य सरकार से ढंडेरा में आधुनिक खेल मैदान और बेहतर खेल सुविधाएं विकसित करने की मांग करते हुए कहा कि इससे स्थानीय खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण मिलेगा और वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।
इस अवसर पर पूर्व पार्षद जितेंद्र नेगी, शिवचरण बिंजोला, आतेश, अंकित रावत, गंगा सिंह बिष्ट, मनोज सहित कई लोग उपस्थित रहे।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
