चमोली: भूमि हस्तांतरण प्रकरणों की समीक्षा, हेमकुण्ड रोपवे का फील्ड सर्वे सितंबर तक पूरा करने के निर्देश

चमोली। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को पिटकुल, हेमकुण्ड रोपवे, बीआरओ, एनएचआईडीसीएल, यूएसडीए तथा लोक निर्माण विभाग से संबंधित भूमि हस्तांतरण प्रकरणों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विकास परियोजनाओं के लिए आवश्यक भूमि अधिग्रहण एवं हस्तांतरण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित मामलों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।

सितंबर तक पूरा होगा हेमकुण्ड रोपवे का फील्ड सर्वे

बैठक में हेमकुण्ड रोपवे परियोजना की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि परियोजना का लिडार (LiDAR) सर्वे पूर्ण हो चुका है। साथ ही गोविंदघाट से घांघरिया तक रोपवे का अलाइनमेंट भी तैयार कर लिया गया है और भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया प्रगति पर है।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने निर्देश दिए कि सितंबर माह तक परियोजना का संपूर्ण फील्ड सर्वे हर हाल में पूरा किया जाए, ताकि शीतकाल शुरू होने से पहले आवश्यक कार्य पूरे हो सकें और परियोजना में किसी प्रकार की देरी न हो।

पिटकुल और टीएचडीसी को संयुक्त बैठक के निर्देश

पिटकुल से जुड़े भूमि हस्तांतरण मामलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने हाटसारी क्षेत्र में लंबित प्रकरणों के समाधान के लिए टीएचडीसी और पिटकुल की संयुक्त बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए।

वहीं नंदप्रयाग से संबंधित मामले में उपजिलाधिकारी को 10 दिनों के भीतर भूमि हस्तांतरण का प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

बीआरओ परियोजनाओं के भूमि अधिग्रहण में लाने होंगे तेजी

बैठक में सीमली–ग्वालदम, जोशीमठ–मारवाड़ी, माणा पास, जोशीमठ–सुरईकोटा तथा कुरकुटी–गमशाली सहित बीआरओ की विभिन्न सड़क परियोजनाओं की समीक्षा भी की गई।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को भूमि अधिग्रहण की समय-सीमा तय करते हुए मुआवजा निर्धारण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि सामरिक और जनहित से जुड़ी सड़क परियोजनाएं समय पर पूरी हो सकें।

भूमि संबंधी औपचारिकताएं समय पर पूरी करने के निर्देश

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए भूमि अभिलेखों, सीमांकन, स्वामित्व संबंधी औपचारिकताओं एवं अन्य प्रक्रियाओं का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी नियमित समीक्षा करते हुए तय समय-सीमा के भीतर लंबित मामलों का समाधान सुनिश्चित करें।

बैठक में रहे मौजूद

बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, जिला पर्यटन विकास अधिकारी अरविंद गौड़, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी, संबंधित उपजिलाधिकारी (वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से) तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट: प्रदीप चौहान


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें