चमोली: जिलाधिकारी गौरव कुमार ने जनता मिलन में सुनीं 16 शिकायतें, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

चमोली।
जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सभागार, गोपेश्वर में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनी गईं। कार्यक्रम में प्राप्त 16 शिकायतों पर सुनवाई करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पेयजल भुगतान और सीवरेज समस्या पर कार्रवाई के निर्देश

ग्राम चमसिल, ग्रामसभा ढामक निवासी जगदीश प्रसाद ने पेयजल मरम्मत कार्य के भुगतान से संबंधित शिकायत दर्ज कराई। इस पर जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को नियमानुसार जांच कर शीघ्र आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

वहीं गोपेश्वर निवासी जयंती देवी की सीवरेज संबंधी शिकायत पर अधिशासी अभियंता जल संस्थान एवं अधिशासी अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करते हुए समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

क्षतिग्रस्त विद्यालयों के लिए नाबार्ड से तैयार होंगे प्रस्ताव

गोविंद लाल ने खल्ला मंडल स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय की क्षतिग्रस्त चारदीवारी का मामला उठाया। इस पर जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को जनपद के सभी क्षतिग्रस्त विद्यालयों के लिए नाबार्ड के माध्यम से प्रस्ताव तैयार करने तथा नामित कार्यदायी संस्था से प्राथमिकता के आधार पर सभी प्रस्ताव शीघ्र तैयार कराने के निर्देश दिए।

श्रम शिविर के साथ लगेगा आधार पंजीकरण शिविर

बैनोली निवासी मनमोहन सिंह ने श्रम कार्ड से जुड़ी समस्या रखी। जिलाधिकारी ने श्रम अधिकारी को 9 जुलाई को लोल्टी में आयोजित होने वाले श्रम शिविर के साथ आधार पंजीकरण शिविर भी लगाने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को एक ही स्थान पर आवश्यक सुविधाएं मिल सकें।

सभी शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश

इसके अतिरिक्त जगदीश सिंह, सुरेंद्र सिंह सहित अन्य फरियादियों द्वारा प्रस्तुत शिकायतों पर भी सुनवाई करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी 16 शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

ये रहे मौजूद

इस अवसर पर परियोजना निदेशक आनंद सिंह, पुलिस उपाधीक्षक त्रिवेंद्र सिंह राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं आमजन उपस्थित रहे।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें