40 से अधिक शिकायतों का मौके पर निस्तारण, ग्रामीणों ने उठाईं जनसमस्याएं

चमोली।
‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ की भावना के साथ संचालित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत सोमवार को विकासखंड दशोली की न्याय पंचायत छिनका के कुजौमैकोट में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी की अध्यक्षता में बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रतिभाग कर विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा मौके पर ही विभिन्न सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ उठाया।

विभिन्न विभागों ने लगाए स्टॉल

शिविर में स्वास्थ्य, कृषि, उद्यान, पशुपालन, समाज कल्याण, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, पंचायतीराज, ग्राम्य विकास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, विद्युत, पेयजल, शिक्षा, आजीविका मिशन सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। कई लाभार्थियों के आवेदन भी मौके पर स्वीकार किए गए और आवश्यक प्रमाण-पत्र एवं अन्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

40 से अधिक शिकायतों का हुआ निस्तारण

शिविर के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, विद्युत, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मनरेगा, आवास एवं अन्य जनसमस्याओं से संबंधित शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं। प्राप्त 40 से अधिक शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देशों के साथ भेजा गया।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद के अध्यक्ष रामचंद्र गौड़, दर्जाधारी हरक सिंह नेगी, जिला पंचायत सदस्य जेपी पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

रिपोर्ट: प्रदीप चौहान


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें