देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में सुश्री सपना राणा ने मुलाकात की। सपना राणा ने राज्य सरकार की मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के अंतर्गत जर्मन भाषा का प्रशिक्षण प्राप्त कर भाषा परीक्षा उत्तीर्ण की, जिसके बाद उन्हें जर्मनी के हैम्बर्ग शहर स्थित शॉन क्लीनिक हॉस्पिटल (Schon Klinik) में 3060 यूरो (लगभग ₹3.30 लाख प्रतिमाह) के वेतन पर नियुक्ति मिली है।
युवाओं को वैश्विक रोजगार से जोड़ रही सरकार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार की मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग द्वारा गठित विदेश रोजगार प्रकोष्ठ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्ध रोजगार अवसरों से राज्य के युवाओं को जोड़ने का कार्य कर रहा है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में विदेश रोजगार प्रकोष्ठ द्वारा युवाओं को जापान और जर्मनी में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए भाषा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अब तक लगभग 65 युवाओं को जापान में रोजगार उपलब्ध कराया जा चुका है।
जर्मनी में नर्सिंग क्षेत्र में हैं बेहतर अवसर
कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने बताया कि जर्मनी में नर्सिंग क्षेत्र में युवाओं के लिए व्यापक रोजगार अवसर उपलब्ध हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग द्वारा जर्मन भाषा प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि टिहरी गढ़वाल निवासी नर्सिंग प्रशिक्षित युवती सपना राणा ने इस प्रशिक्षण का लाभ लेकर जर्मनी में नर्स के पद पर चयन प्राप्त किया है।
टिहरी की बेटी ने बढ़ाया प्रदेश का मान
सपना राणा ने अपनी स्कूली शिक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय पोखाल, टिहरी गढ़वाल से तथा नर्सिंग की शिक्षा स्टेट नर्सिंग कॉलेज, देहरादून से प्राप्त की है। राज्य सरकार की योजना के अंतर्गत जर्मन भाषा प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद उन्हें जर्मनी के हैम्बर्ग शहर स्थित शॉन क्लीनिक हॉस्पिटल में नियुक्ति मिली है।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर सचिव सी. रविशंकर भी उपस्थित रहे।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
