चमोली।
चमोली जिले के कर्णप्रयाग क्षेत्र में मामूली कहासुनी के बाद दो पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। घटना के दौरान मारपीट एवं धारदार हथियार से हमला किए जाने की सूचना है, जिसमें कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया। विरोध स्वरूप लोगों ने चौकी परिसर के बाहर प्रदर्शन किया तथा कुछ समय के लिए बदरीनाथ हाईवे पर भी विरोध जताया।
प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति
कर्णप्रयाग स्थित पंच पुलिया क्षेत्र में यात्रियों के एक समूह और स्थानीय लोगों के बीच हुए विवाद के बाद मार्ग कुछ समय के लिए अवरुद्ध हो गया था। सूचना मिलते ही जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों से वार्ता कर स्थिति को शांत कराया।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह सुचारु
प्रशासन की तत्परता से मार्ग को शीघ्र खुलवा दिया गया। वर्तमान में राष्ट्रीय राजमार्ग-07 (बदरीनाथ हाईवे) पर यातायात पूरी तरह से सुचारु रूप से संचालित हो रहा है तथा यात्रियों की आवाजाही सामान्य बनी हुई है।
दोषियों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि घटना में जो भी व्यक्ति दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था भंग करने अथवा अराजकता फैलाने का प्रयास करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
