चमोली।
NEET परीक्षा में कथित पेपर लीक एवं लगातार सामने आ रही अनियमितताओं के विरोध में सोमवार को गोपेश्वर बस स्टैंड में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार एवं परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसियों के खिलाफ नाराजगी व्यक्त करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि NEET जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाओं में पेपर लीक और अनियमितताओं के आरोप देश की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े करते हैं। लाखों छात्र वर्षों तक कठिन परिश्रम करते हैं, लेकिन ऐसी घटनाओं से उनका भविष्य प्रभावित होता है।
दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
उत्तराखण्ड क्रांति दल के केंद्रीय महामंत्री बृज मोहन सजवाण ने कहा कि देश के युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो युवा वर्ग व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
पारदर्शी परीक्षा प्रणाली की उठी मांग
सामाजिक कार्यकर्ता के.के. डिमरी ने कहा कि मेहनती और ईमानदार छात्र स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। उन्होंने सरकार से परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता लाने और छात्रों का विश्वास बहाल करने की मांग की। साथ ही दोषियों को उदाहरणात्मक सजा देने पर भी जोर दिया।
ये रहे मौजूद
प्रदर्शन में उत्तराखण्ड क्रांति दल के केंद्रीय महामंत्री बृज मोहन सजवाण, जिला कार्यकारी अध्यक्ष पंकज पुरोहित, जिला महामंत्री सुबोध बिष्ट, ब्लॉक अध्यक्ष सौरभ बिष्ट, युवा प्रकोष्ठ एवं सामाजिक कार्यकर्ता के.के. डिमरी सहित कई कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि मामले में शीघ्र और कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
