नई दिल्ली / देहरादून : उत्तराखंड के लिए अच्छी खबर है। जल्द ही रामनगर और देहरादून के बीच एक नई रेल गाड़ी चलने वाली है। यह जानकारी गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने साझा की है। उन्होंने इसके लिए रेल मंत्री का आभार जताया है। बलूनी के मुताबिक, “मित्रों, आप सभी के साथ उत्तराखंड की रेल सेवाओं में एक और उपलब्धि साझा कर रहा हूँ। मुझे माननीय केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी का पत्र प्राप्त हुआ है, जिसमें उन्होंने मेरे द्वारा निवेदित रामनगर से देहरादून के मध्य नई रेलगाड़ी के परिचालन की स्वीकृति की जानकारी दी है। मंत्री जी का कोटि-कोटि आभार, जिन्होंने निरंतर उत्तराखंड की जनता की रेल सुविधा से जुड़े मेरे निवेदनों पर सदैव उदारता दिखाई है और हमें अनेक रेल सेवाओं के परिचालन और स्टॉपेज की स्वीकृतियाँ प्रदान की हैं। हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी का कार्यकाल देश के साथ-साथ उत्तराखंड के लिए उपलब्धियों से भरा रहा है। रामनगर-देहरादून रेल सेवा से पूर्व काठगोदाम-देहरादून के बीच ‘नैनी दून एक्सप्रेस’, कोटद्वार से नई दिल्ली के लिए रेल सेवा, देहरादून से लखनऊ हेतु ‘वंदे भारत एक्सप्रेस’ जैसी सौगातें हमें प्रदान की हैं। रामनगर-देहरादून रेल सेवा प्रारंभ होने से उस क्षेत्र के नागरिकों को देहरादून के आवागमन में सुविधा प्राप्त होगी तथा उनका धन और समय बचेगा।”
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
