टिहरी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को जनपद टिहरी के गंगा रिजॉर्ट मुनिकीरेती में आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव 2026 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि एक समग्र जीवन पद्धति है, जो आत्मा को परमात्मा से जोड़ने का कार्य करता है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाने की अपील करते हुए कहा कि आधुनिक जीवनशैली में थकान और तनाव से निपटने के लिए योग सबसे प्रभावी माध्यम है।
7 दिन तक चलेंगे योग और ध्यान के विशेष सत्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि गढ़वाल मंडल विकास निगम और उत्तराखंड पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव पिछले 35 वर्षों से योग की परंपरा को विश्वभर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
इस 7 दिवसीय योग महोत्सव में योग, प्राणायाम, ध्यान, आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा और आध्यात्मिक प्रवचनों के सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही रन फॉर योगा, हेरिटेज वॉक और अंतरराष्ट्रीय योग सम्मेलन जैसे विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।
180 से अधिक देशों में हो रहा योग का अभ्यास
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से वर्ष 2014 में संयुक्त राष्ट्र में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाने का प्रस्ताव रखा गया, जिसके परिणामस्वरूप आज 180 से अधिक देशों में करोड़ों लोग योग का अभ्यास कर रहे हैं।
उत्तराखंड को योग और आध्यात्म का केंद्र बनाने का प्रयास
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड केवल देवभूमि ही नहीं, बल्कि योगभूमि भी है। यहां की पवित्र नदियां, शांत वातावरण और स्वच्छ जलवायु योग साधना के लिए आदर्श वातावरण प्रदान करती हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने योग नीति 2025 लागू की है। प्रदेश में:
-
300 से अधिक आयुष्मान आरोग्य केंद्र संचालित हैं
-
प्रत्येक जिले में 50 और 10 बेड वाले आयुष चिकित्सालय स्थापित किए जा रहे हैं
-
ई-संजीवनी पोर्टल के माध्यम से आयुष परामर्श दिया जा रहा है
साथ ही योग, आयुर्वेद और आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए गढ़वाल और कुमाऊं मंडलों में स्पिरिचुअल इकोनॉमिक जोन स्थापित किए जा रहे हैं।
उत्तराखंड खोज योजना का किया लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान गढ़वाल मंडल के प्रत्येक गांव को पर्यटन से जोड़ने वाली ‘उत्तराखंड खोज योजना’ का भी रिमोट के माध्यम से लोकार्पण किया।
हजारों योग साधकों ने लिया हिस्सा
कार्यक्रम में पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज, वन मंत्री सुबोध उनियाल, जीएमवीएन के प्रबंध निदेशक प्रतीक जैन सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर 2500 से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया और विभिन्न संस्थाओं के योग साधकों ने योग की विभिन्न क्रियाओं का प्रदर्शन भी किया।
रिपोर्ट: पहाड़ी चीता ब्यूरो
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
