74वें गोचर मेले की तैयारियां तेज, 21 समितियों का गठन

गोचर (चमोली)। 74वें गोचर मेले के सफल आयोजन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को कर्णप्रयाग विधायक अनिल नैटियाल की अध्यक्षता में मेले की दूसरी बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले की विभिन्न व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए 21 समितियों का गठन किया गया। साथ ही मेले को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

व्यवस्थाओं के संचालन के लिए गठित हुईं समितियां

बैठक में स्वागत समिति, प्रचार-प्रसार समिति और सांस्कृतिक समिति सहित विभिन्न समितियों में सदस्यों को शामिल किया गया। इन समितियों के माध्यम से मेले की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने, व्यापक प्रचार-प्रसार करने और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सुचारु संचालन सुनिश्चित करने की रूपरेखा तैयार की जाएगी।

स्थानीय कलाकारों के लिए दो दिन निर्धारित करने का सुझाव

बैठक में नगर पालिका गोचर के अध्यक्ष संदीप नेगी ने सुझाव दिया कि मेले के दो दिन स्थानीय प्रतिभाओं के लिए निर्धारित किए जाने चाहिए। इससे क्षेत्र के कलाकारों और प्रतिभाशाली युवाओं को अपनी कला एवं हुनर प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिलने से उनका उत्साह बढ़ेगा और क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को भी मजबूती मिलेगी।

बैठक में ये लोग रहे मौजूद

बैठक में एसडीएम कर्णप्रयाग एवं मेला अधिकारी अलकेश नैडियाल, तहसीलदार सुधा डोभाल, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी विनीता भट्ट, नगर पालिका कर्णप्रयाग के अध्यक्ष गणेश शाह, जिला पंचायत सदस्य जाख वार्ड रेखा बिष्ट और ब्लॉक प्रमुख दीपिका मैखुरी सहित व्यापार संघ गोचर एवं कर्णप्रयाग के अध्यक्ष और अन्य संबंधित लोग मौजूद रहे।

 


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें