विशाखापत्तनम में BSPS की 13वीं राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक—400 से अधिक पत्रकारों ने किया प्रतिभाग

विशाखापत्तनम। भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ (BSPS) की 13वीं राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में आयोजित हुई। बैठक में देशभर से 400 से अधिक पत्रकारों ने प्रतिभाग किया। इसमें पत्रकारों की सुरक्षा, आवासीय व्यवस्था, नेशनल जर्नलिस्ट रजिस्टर, पत्रकार कल्याण कोष सहित पत्रकारों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

पत्रकार सुरक्षा और कल्याण पर रहा जोर

राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक का मुख्य विषय “Role of Ethical Journalism in Strengthening Democracy” रहा। बैठक में देश के विभिन्न राज्यों में पत्रकारों की स्थिति और पत्रकार हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठाने तथा पत्रकारों के हितों से संबंधित व्यवस्थाओं को मजबूत करने पर जोर दिया।

बैठक में देशभर में पत्रकारों की हत्या, हिंसा और झूठे मुकदमों से जुड़े मामलों पर चिंता व्यक्त की गई। साथ ही पत्रकार कल्याण कोष के कथित दुरुपयोग के मुद्दे पर भी चर्चा हुई।

पत्रकार सुरक्षा को लेकर राज्यों की स्थिति पर चिंता

बैठक में पत्रकार सुरक्षा के मामले में राज्यों की स्थिति को लेकर भी चर्चा हुई। इस दौरान ऐसे राज्यों की सूची तैयार कर भारत के प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और राष्ट्रपति को भेजने के विषय पर सहमति बनी।

इसके साथ ही कई राज्यों में पत्रकारों के लिए पत्रकार रजिस्टर नहीं होने को लेकर भी चिंता जताई गई। पत्रकारों के लिए आवासीय व्यवस्था और राष्ट्रीय स्तर पर पत्रकारों के रजिस्ट्रेशन से जुड़े विषयों को भी बैठक में प्रमुखता से उठाया गया।

पहले दिन भीमली बीच पर हुआ कार्यक्रम

राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक के पहले दिन हिन्द महासागर के किनारे भीमली बीच पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम आध्यात्मिक गुरु उमर अलीसा के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक श्रीनिवास भी मौजूद रहे।

इसके बाद राष्ट्रीय कार्यकारिणी की मुख्य बैठक डा. वाई.वी.एस. मूर्ति सभागार, विशाखापत्तनम में आयोजित की गई।

कई राज्यों के वरिष्ठ पत्रकार हुए शामिल

बैठक में भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ के संस्थापक शाहनवाज हसन, राष्ट्रीय महामंत्री गिरिधर शर्मा, आंध्र प्रदेश अध्यक्ष बीर भद्र राव, राघवेंद्र मिश्रा, आई.वी. कश्यप, सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता, पश्चिम बंगाल अध्यक्ष शुभेंदु चटर्जी, उत्तराखंड अध्यक्ष चंद्रवीर गायत्री, बिहार अध्यक्ष अजय कुमार, तमिलनाडु अध्यक्ष शिवा, झारखंड अध्यक्ष जावेद, छत्तीसगढ़ अध्यक्ष तथा मध्य प्रदेश से कृष्ण मोहन झा सहित विभिन्न राज्यों के वरिष्ठ पत्रकारों ने प्रतिभाग किया।

बैठक में स्थानीय सांसद श्री भारत और पूर्व राज्यसभा सांसद जी.वी.एल. नरसिम्हा सहित अन्य अतिथियों की मौजूदगी रही।

उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश सरकार के कार्यों का समर्थन

बैठक में पत्रकार हितों से जुड़े कार्यों को लेकर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार और मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार के प्रति समर्थन व्यक्त किया गया। बैठक में कहा गया कि इन दोनों राज्यों में पत्रकारों से जुड़े मुद्दों पर बेहतर कार्य हुआ है।

वहीं, देशभर में पत्रकारों की सुरक्षा और कल्याण से जुड़े विषयों पर आवश्यक कदम उठाने की जरूरत पर जोर दिया गया।

सर्वसम्मति से पारित किए गए प्रस्ताव

राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में पत्रकारों के हितों से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा के बाद उन्हें सर्वसम्मति से पारित किया गया। पत्रकार सुरक्षा, रजिस्ट्रेशन, आवासीय व्यवस्था और कल्याण से संबंधित विषयों को आगे संबंधित स्तरों तक पहुंचाने पर सहमति बनी।

कार्यक्रम में देशभर से 400 से अधिक पत्रकारों ने भाग लिया। इनमें राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित पत्रकार भी शामिल रहे।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें