उत्तरकाशी। जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। बारिश के चलते गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे के साथ ही कई लिंक मोटर मार्गों पर जगह-जगह भूस्खलन और मलबा आने से यातायात बाधित हो रहा है। इससे यात्रियों के साथ आम लोगों को भी आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
धरासू और नालूपानी में मलबा आने से यातायात ठप
बुधवार सुबह गंगोत्री हाईवे पर धरासू स्थित पुराने पुलिस स्टेशन के पास भारी मात्रा में मलबा आने से वाहनों की आवाजाही बंद हो गई। इसके बाद नालूपानी के पास भी मलबा आने से हाईवे बाधित हो गया। दोनों स्थानों पर सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्री घंटों वाहनों में फंसे रहे।
सूचना मिलने पर बीआरओ की जेसीबी मौके पर पहुंची और मलबा हटाने का काम शुरू किया। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों स्थानों पर यातायात सुचारू किया जा सका।
भटवाड़ी के आगे फिर आया मलबा
दोपहर बाद भटवाड़ी के आगे गंगोत्री हाईवे पर दोबारा मलबा आ गया। इससे यातायात बाधित होने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बड़ी संख्या में यात्री वाहन यहां फंसे रहे। मौके पर बीआरओ की ओर से मार्ग को खोलने की कार्रवाई जारी रही।
कैप्टन ब्रिज पर बड़े वाहनों की आवाजाही बंद
बारिश के बीच गंगोत्री हाईवे पर स्वारी गाड़ में कैप्टन ब्रिज की मरम्मत का कार्य भी चल रहा है। इसके चलते पुल से बड़े वाहनों की आवाजाही बंद रही। लोगों को छोटे वाहनों के जरिए ही आवागमन करना पड़ा।
यमुनोत्री हाईवे भी प्रभावित
बारिश के कारण यमुनोत्री हाईवे भी जानकीचट्टी समेत कई स्थानों पर बंद और खुलता रहा। एनएच की टीम ने मौके पर जेसीबी भेजकर मलबा हटाने का काम कराया। लगातार बारिश के कारण हाईवे पर यातायात व्यवस्था प्रभावित बनी हुई है।
लिंक मोटर मार्ग बंद होने से गांवों का संपर्क प्रभावित
बारिश और भूस्खलन के कारण जिले के कई लिंक मोटर मार्ग भी बंद हो गए हैं। इससे दर्जनों गांवों का आसपास के क्षेत्रों से संपर्क कट गया है। लगातार आसमान से आफत बरसने के कारण फिलहाल लोगों की मुश्किलें कम होती नजर नहीं आ रही हैं।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
