देहरादून। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार उत्तराखंड में मतदाता सूची में पात्र लोगों के नाम शामिल करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने बुधवार को सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अभियान की विस्तृत जानकारी दी।
8 से 10 अक्टूबर तक सभी बूथों पर विशेष कैंप
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 8 से 10 अक्टूबर तक प्रदेश के सभी 12,543 मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) विशेष कैंप लगाएंगे। प्री-एसआईआर एवं एसआईआर अभियान के तहत एएसडीडी सूची में शामिल मतदाताओं का सत्यापन कर पात्र मतदाताओं की सूची तैयार की जाएगी।
इसके बाद 12 अक्टूबर से 20 अक्टूबर 2026 तक बीएलओ घर-घर जाकर चिन्हित पात्र लोगों को फॉर्म-6 भरवाने में सहायता करेंगे, ताकि उनके नाम मतदाता सूची में शामिल किए जा सकें।
पुरानी और वर्तमान मतदाता सूची का होगा मिलान
डॉ. पुरुषोत्तम ने बताया कि अभियान के दौरान बीएलओ वर्तमान मतदाता सूची का प्री-एसआईआर से पहले की मतदाता सूची से मिलान करेंगे। ऐसे मतदाताओं की पहचान की जाएगी, जिनके नाम पहले की सूची में शामिल थे, लेकिन मौजूदा मतदाता सूची में नहीं हैं।
बीएलओ चिन्हित मतदाताओं के घर जाकर उनकी मौजूदा स्थिति की जानकारी लेंगे। जो लोग पात्र पाए जाएंगे, उनके नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए विधिवत फॉर्म-6 भरवाने में सहायता की जाएगी।
1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वालों के भी भरवाए जाएंगे फॉर्म
घर-घर सत्यापन के दौरान बीएलओ यह भी सुनिश्चित करेंगे कि 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर मतदाता बनने के पात्र युवाओं के फॉर्म-6 भी भरे जाएं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इस अभियान में राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (BLA) और बूथ अवेयरनेस ग्रुप के सदस्यों को भी शामिल किया जाएगा। बीएलओ द्वारा तैयार की गई बूथवार सूची को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों के साथ साझा किया जाएगा।
राजनीतिक दलों को मिलेगा छूटे मतदाताओं के नाम जुड़वाने का अवसर
अभियान के अंतिम चरण में ईआरओ बूथवार सूची राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साझा करेंगे। इसका उद्देश्य छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करवाने के लिए राजनीतिक दलों को एक और अवसर देना है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे और सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तूदास उपस्थित रहे।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
