उत्तराखंड के गायक V Cash ने बॉलीवुड फिल्म ‘पारिवारिक मनोरंजन’ में बिखेरा आवाज का जादू, गीत ‘याद तू आया’ बना चर्चा का विषय

देहरादून। उत्तराखंड के लोकप्रिय गायक V Cash (विकास भारद्वाज) ने बॉलीवुड फिल्म ‘पारिवारिक मनोरंजन’ के जरिए हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में अपनी आवाज का जादू बिखेरा है। फिल्म में उनका गाया गीत ‘याद तू आया’ दर्शकों के बीच खास चर्चा का विषय बना हुआ है। फिल्म में पंकज त्रिपाठी मुख्य भूमिका में नजर आ रहे हैं। फिल्म के अंतिम हिस्से में V Cash की आवाज में यह गीत सुनाई देता है, जिसमें उन्होंने अपनी गायकी के माध्यम से भावनाओं को खूबसूरती से प्रस्तुत किया है।

राकेश थापा के सहयोग से संगीत सफर को मिली नई दिशा

इस संगीत सफर को आगे बढ़ाने में समाजसेवी एवं उद्योगपति श्री राकेश थापा (रॉबिन) का विशेष योगदान रहा है। उन्होंने कलाकारों को निरंतर नैतिक सहयोग और प्रोत्साहन प्रदान किया, जिससे इस उपलब्धि को नई ऊर्जा और दिशा मिली। उनका यह सहयोग उत्तराखंड की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में सराहनीय है।

अनुज गर्ग का संगीत निर्देशन, बाबा ने संभाला म्यूजिक अरेंजमेंट

गीत की खास बात यह है कि इसके संगीत निर्देशन की जिम्मेदारी अनुज गर्ग ने संभाली है, जबकि म्यूजिक अरेंजर बाबा हैं। बाबा ने इस गीत में अलग-अलग वाद्ययंत्रों को स्वयं बजाकर संगीत को और भी खास एवं प्रभावशाली बनाया है।

पांच वर्ष की उम्र से शुरू किया गायकी का सफर

बता दें कि V Cash बचपन से ही संगीत की दुनिया में सक्रिय हैं। पांच वर्ष की उम्र से गायकी और मंचीय प्रस्तुतियों की शुरुआत करने वाले V Cash हिंदी, बॉलीवुड, सूफियाना, पंजाबी और उत्तराखंडी लोकसंगीत में अपनी अलग पहचान रखते हैं। उन्हें उत्तराखंड सरकार की ओर से सर्वश्रेष्ठ सूफी गायक के सम्मान से भी नवाजा जा चुका है।

उत्तराखंड से बॉलीवुड तक का सफर बना प्रेरणा

उत्तराखंड की मिट्टी से निकलकर बॉलीवुड तक पहुंचने का V Cash का यह सफर प्रदेश के उभरते कलाकारों के लिए प्रेरणादायक है। उनकी यह उपलब्धि उत्तराखंड की संगीत प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें