गौचर (चमोली)। 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले के चतुर्थ दिवस उद्यान विभाग की ओर से उद्यान गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में किसानों को विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही बागवानी एवं उद्यानिकी के माध्यम से स्वरोजगार के अवसर विकसित करने पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान कृषि एवं उद्यानिकी के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले प्रगतिशील किसानों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कृषक दंपति कमल और रेखा रावत को मिला विशेष सम्मान
गोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में कृषक महेंद्र सिंह राणा तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में कमल सिंह रावत उपस्थित रहे। इस अवसर पर पोखरी विकासखंड के प्रगतिशील कृषक दंपति कमल रावत एवं उनकी पत्नी रेखा रावत को कृषि के क्षेत्र में सराहनीय योगदान और खेती को आजीविका एवं स्वरोजगार का प्रभावी माध्यम बनाने के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उन्हें फूलमाला पहनाकर, शॉल भेंटकर एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
आधुनिक तकनीक से खेती को बनाया जा सकता है स्वरोजगार का माध्यम
कृषक दंपति की उपलब्धि को क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए प्रेरणादायक बताते हुए वक्ताओं ने कहा कि परंपरागत खेती को आधुनिक तकनीकों और बेहतर प्रबंधन के साथ अपनाकर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार की नई संभावनाएं विकसित की जा सकती हैं।
सम्मानित कृषक कमल रावत ने कहा कि कृषि केवल आजीविका का साधन ही नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर बनने का एक सशक्त माध्यम भी है। मेहनत, लगन और ईमानदारी के साथ खेती की जाए तो इस क्षेत्र में बेहतर सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने युवाओं और ग्रामीणों से सब्जी उत्पादन, डेयरी तथा कृषि आधारित गतिविधियों को स्वरोजगार के रूप में अपनाने का आह्वान किया।
उद्यान विभाग की योजनाओं की दी जानकारी
इस अवसर पर ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक इन्द्र सिंह चौहान ने उद्यान विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों से इनका लाभ उठाने की अपील की। उद्यम प्रभारी कर्णप्रयाग अनसूया बैनोला, उद्यान सहायक विकास अधिकारी गौचर कविता परिहार, प्रभारी उद्यान सचल दल गौचर नरेंद्र बिष्ट और उद्यान पर्यवेक्षक लक्ष्मी पंवार ने भी उद्यानिकी एवं बागवानी के क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं और योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर अपने विचार रखे।
अन्य प्रगतिशील किसानों को भी किया सम्मानित
गोष्ठी में राकेश चौहान, राजे चौहान सहित अन्य किसानों को भी प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान मनोज रौतेला, जयप्रकाश, विक्रम राणा सहित विभागीय कर्मचारी, कृषक एवं क्षेत्र के अनेक लोग मौजूद रहे।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
