श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल)।
उत्तराखंड शासन के सचिव संस्कृत शिक्षा, जनगणना एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग श्री दीपक कुमार ने बुधवार को चमोली जनपद के प्रस्तावित भ्रमण से पूर्व श्रीनगर स्थित गढ़वाल मंडल विकास निगम (GMVN) में जनगणना हाउस लिस्टिंग कार्यों की समीक्षा बैठक ली।
जनगणना कार्यों की प्रगति की समीक्षा
बैठक में तहसील श्रीनगर एवं नगर निगम श्रीनगर के चार्ज जनगणना अधिकारी उपस्थित रहे। सचिव ने जनगणना से संबंधित कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों से विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी ली। साथ ही जनगणना कार्य के दौरान आने वाली समस्याओं और चुनौतियों पर भी चर्चा की गई।
अधिकारियों ने अवगत कराया कि जनगणना से संबंधित लगभग 50 प्रतिशत कार्य पूर्ण किया जा चुका है तथा शेष कार्य भी निर्धारित समय सीमा से पूर्व पूरा कर लिया जाएगा।
समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश
सचिव दीपक कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य को पूरी गंभीरता, सटीकता और समयबद्ध तरीके से संपादित किया जाए, ताकि प्रक्रिया सुचारू रूप से पूर्ण हो सके।
संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार पर भी जोर
बैठक के दौरान राज्य की द्वितीय राजभाषा संस्कृत के प्रचार-प्रसार को लेकर भी चर्चा की गई। सचिव ने निर्देश दिए कि नगर निगम एवं तहसील परिसर के मुख्य कार्यालय बोर्डों के साथ-साथ सभी अधिकारियों और कक्षों की नाम पट्टिकाएं संस्कृत भाषा में भी लिखी जाएं।
राष्ट्रीय महत्व का कार्य बताया
सचिव ने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं और नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है, इसलिए इससे जुड़े सभी कार्य पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ किए जाने चाहिए।
रिपोर्ट: पहाड़ी चीता ब्यूरो
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
