ऋषिकेश: स्वामी समर्पण आश्रम में निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन, रूस सहित कई देशों के साधक हुए लाभान्वित

ऋषिकेश : International Samarpan Yoga Awareness Foundation (आईएसवाईएएफ ट्रस्ट) द्वारा संचालित Swami Samarpan Ashram, घुग्तानी मल्लि, तपोवन में आयोजित निःशुल्क चिकित्सा शिविर में 26 स्थानीय नागरिकों एवं विदेशी साधकों ने स्वास्थ्य परीक्षण तथा चिकित्सकीय परामर्श का लाभ प्राप्त किया।

आश्रम के संस्थापक परमहंस Avadhuta Swami Samarpanananda Saraswati के सान्निध्य में वर्ष 2017 से क्षेत्र में निरंतर निःशुल्क चिकित्सा सेवा, योग जागरण एवं जनकल्याण के विविध कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। शिविर में रूस सहित अनेक देशों से आए विदेशी साधकों ने भी सहभागिता कर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।

चिकित्सा शिविर में डॉ. प्रदीप एवं डॉ. चन्द्र किशोर द्वारा उपस्थित सभी लाभार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार संबंधी दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

इस अवसर पर आश्रम की योगाचार्या योगिनी अनामिका देवी जी ने उपस्थित लोगों को स्वास्थ्य संवर्धन एवं रोग निवारण हेतु विशेष योगाभ्यास एवं प्राणायाम कराया तथा दैनिक जीवन में योग एवं संतुलित दिनचर्या के महत्व को विस्तारपूर्वक समझाया।

आश्रम परिसर में वर्तमान में एक नवीन धर्मार्थ चिकित्सालय का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इस चिकित्सालय का उद्देश्य क्षेत्रवासियों, साधकों एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को सुलभ एवं निरंतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। चिकित्सालय तक एम्बुलेंस एवं मरीजों की निर्बाध पहुँच सुनिश्चित करने हेतु वर्ष 1975 से प्रचलित मार्ग को आपसी सहयोग एवं प्रशासनिक समन्वय के माध्यम से पुनः खोला गया।

यह कार्य Nagar Panchayat Tapovan, SDM Office Narendra Nagar तथा District Magistrate Office Tehri Garhwal के सहयोग एवं मार्गदर्शन से सम्पन्न हुआ। मार्ग को पुनः खुलवाने हेतु परमहंस Avadhuta Swami Samarpanananda Saraswati द्वारा मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी निवेदन प्रस्तुत किया गया था।

नगर पंचायत के सीमित संसाधनों को ध्यान में रखते हुए सड़क निर्माण एवं मार्ग को सुगम बनाने का समस्त व्यय आईएसवाईएएफ ट्रस्ट एवं स्वामी समर्पण आश्रम द्वारा वहन किया गया।

नियमित निःशुल्क चिकित्सा शिविर-
यह निःशुल्क चिकित्सा शिविर प्रत्येक गुरुवार एवं रविवार को प्रातः 9:00 बजे से 11:00 बजे तक स्वामी समर्पण आश्रम, घुग्तानी मल्लि, नगर पंचायत तपोवन में आयोजित किया जाता है।इस सेवा कार्य में स्वामी ओमकारानन्द जी, पं. आचार्य पुरुषोत्तम जी, कपिल देव, भावना, हरीश, भगवान पुंडरी, राजेन्द्र सिंह नेगी तथा योगिनी अनामिका देवी जी का विशेष सहयोग रहा।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें