कर्णप्रयाग (चमोली)। ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ के संकल्प के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग में आयोजित बहु-विशेषज्ञ निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर के दूसरे दिन बड़ी संख्या में लोगों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परामर्श, जांच एवं निःशुल्क उपचार का लाभ उठाया। शिविर में कुल 482 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं।
482 मरीजों की जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दीं सेवाएं
शिविर में 482 मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई। इस दौरान 158 लोगों की रक्तचाप (ब्लड प्रेशर), 103 लोगों की मधुमेह, 35 लोगों की टीबी, 10 लोगों की सर्वाइकल कैंसर, 15 लोगों की स्तन कैंसर तथा 37 लोगों की मुख कैंसर की स्क्रीनिंग की गई।
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के तहत चार गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच भी की गई।
102 एक्स-रे, 70 अल्ट्रासाउंड और 168 लैब जांचें
शिविर के दौरान 102 एक्स-रे, 70 निःशुल्क अल्ट्रासाउंड तथा 168 विभिन्न प्रकार की लैब जांचें की गईं।
इसके अलावा आठ किशोरियों को मासिक धर्म स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया तथा आठ किशोरियों का एचपीवी (HPV) टीकाकरण भी किया गया।
आयुष्मान कार्ड और आभा आईडी भी बनाए गए
शिविर में तीन लोगों ने निक्षय मित्र बनने के लिए पंजीकरण कराया। वहीं 22 लोगों की आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (आभा) आईडी और नौ लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए।
साथ ही राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर लोगों को बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।
21 जुलाई को भी मिलेगा विशेषज्ञों का लाभ
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता ने बताया कि 21 जुलाई को भी उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर इसका लाभ उठाने की अपील की।
विशेषज्ञ चिकित्सकों और स्वास्थ्य टीम ने संभाली जिम्मेदारी
शिविर में वरिष्ठ परामर्शदाता सर्जन डॉ. राजीव शर्मा, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. अंकित भट्ट, डेंटल सर्जन डॉ. हरीश थपलियाल, फिजीशियन डॉ. सत्येंद्र कंडारी, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. ऊमारानी शर्मा, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सीमा सिंह तथा ईएनटी सर्जन डॉ. अल्का ने स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बी.पी. पुरोहित, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक विनय बहुगुणा, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी सूरज नेगी, संजना खाम्पा, मंजुला चंद्रवाल, लैब टेक्नीशियन आशीष किमोठी, सारथी जखमोला, हरीश कुमेडी, कुशालानंद भट्ट, एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं ने भी शिविर के सफल संचालन में सहयोग दिया।
रिपोर्ट: पहाड़ी चीता ब्यूरो
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
