ऋषिकेश। चन्द्रेश्वर नगर, ऋषिकेश में 40वां भव्य विश्वकर्मा पूजन समारोह श्रद्धा, उल्लास एवं गरिमामय वातावरण में धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। समारोह में देवशिल्पी भगवान विश्वकर्मा की विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना कर क्षेत्र, समाज और देश की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की गई।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
समारोह के सांस्कृतिक सत्र में प्रख्यात गायिका सोना सिंह, काव्या कुलमूर्ति और गायक मुकुल ने भक्ति एवं सांस्कृतिक गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों के भजनों और मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों को देर रात तक झूमने-थिरकने पर मजबूर कर दिया।
पूरे आयोजन स्थल पर भक्तिमय और उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा।
जनप्रतिनिधियों ने की भगवान विश्वकर्मा की पूजा
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल एवं नगर निगम ऋषिकेश के महापौर शम्भू पासवान ने शिरकत की।
अतिथियों ने भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना कर उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित किया। उन्होंने शिल्पकला, निर्माण एवं कर्म के अधिष्ठाता भगवान विश्वकर्मा के आदर्शों से प्रेरणा लेकर मेहनत, लगन और ईमानदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
वक्ताओं ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा भारतीय शिल्प, निर्माण एवं तकनीकी परंपरा के प्रतीक हैं। उनके जीवन और आदर्श सृजन, परिश्रम तथा कर्म के प्रति समर्पण की प्रेरणा देते हैं। विश्वकर्मा पूजन केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि श्रम एवं कौशल के सम्मान का भी अवसर है।
आयोजन समिति ने अतिथियों और श्रद्धालुओं का जताया आभार
समारोह में आयोजन समिति के अध्यक्ष लाल बाबू महतो, सुजीत यादव, चन्द्रेश्वर यादव, अनिल कुशवाहा, गगन राम, विक्की शाह, यश कुमार सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
आयोजन समिति की ओर से अतिथियों और सभी श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए आयोजन में सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया।
