ऋषिकेश : भारी वर्षा की चेतावनी एवं गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए SDRF, जल पुलिस एवं आपदा राहत दल द्वारा ऋषिकेश, मुनि की रेती तथा लक्ष्मण झूला क्षेत्र के सभी प्रमुख घाटों पर संयुक्त रूप से जन-जागरूकता अभियान चलाया गया।
टीमों द्वारा घाटों पर मौजूद श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों एवं पर्यटकों से लाउडहेलर के माध्यम से अपील की गई कि वे अपनी सुरक्षा के दृष्टिगत तत्काल घाटों को खाली कर सुरक्षित स्थानों पर चले जाएँ। उन्हें बताया गया कि लगातार हो रही वर्षा के कारण गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे नदी का बहाव अत्यंत तेज एवं खतरनाक हो गया है।
SDRF एवं अन्य राहत एजेंसियों द्वारा घाटों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा लोगों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने, नदी के किनारे जाने से बचने तथा किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में तत्काल संबंधित कंट्रोल रूम अथवा आपदा राहत दल को सूचना देने की अपील की गई।
SDRF ने सभी श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों से अनुरोध किया है कि वे अपनी एवं अपने परिवार की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें, अफवाहों पर ध्यान न दें तथा प्रशासन द्वारा जारी चेतावनियों एवं निर्देशों का पूर्णतः पालन करें।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
