प्रदेशभर में सड़क सुधार को लेकर कैबिनेट बैठक—मानसून के बाद युद्धस्तर पर शुरू होंगे काम

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में मंगलवार को सचिवालय में आयोजित कैबिनेट बैठक में प्रदेशभर की सड़कों की स्थिति और उनके सुधार को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। बैठक में नगर निगम, नगर पालिका परिषद और नगर पंचायत क्षेत्रों के साथ ही ग्रामीण इलाकों की सड़कों को बेहतर बनाने के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया गया।

मानसून के बाद तेजी से शुरू होंगे काम

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि मानसून समाप्त होते ही प्रदेशभर में सड़क सुधार और मरम्मत के कार्य युद्धस्तर पर शुरू किए जाएं। इसके लिए संबंधित विभागों को अभी से तैयारियां पूरी करने और निविदा प्रक्रिया समय से संपन्न करने को कहा गया, ताकि बारिश थमते ही निर्माण एवं मरम्मत कार्य शुरू करने में देरी न हो।

उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) सहित विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं के अधीन आने वाली सड़कों के सुधार के लिए प्रभावी और समन्वित कार्ययोजना तैयार की जाए।

पुरानी पीएमजीएसवाई सड़कों के लिए भी धनराशि पर चर्चा

बैठक में पीएमजीएसवाई के तहत निर्मित उन पुरानी सड़कों के सुधार पर भी चर्चा हुई, जिनकी अनुरक्षण अवधि समाप्त हो चुकी है और जिनका नियमित रखरखाव नहीं हो पा रहा है। ऐसी सड़कों को दुरुस्त करने के लिए राज्य सरकार की ओर से आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने पर विचार किया गया।

स्थानीय निकायों को उपलब्ध कराए जाएंगे संसाधन

शहरी क्षेत्रों की सड़कों को बेहतर बनाने के लिए नगर निगमों, नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों को आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरी क्षेत्रों की सड़कों को भी प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाए और स्थानीय निकायों को इसके लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराए जाएं।

अक्टूबर से सड़क मार्ग से क्षेत्रों का भ्रमण करेंगे सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वह अक्टूबर माह से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों का सड़क मार्ग से भ्रमण करेंगे। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने और निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर एवं सुगम सड़क व्यवस्था के लिए सभी संबंधित विभागों और संस्थाओं को समन्वित रूप से काम करना होगा।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें