मुख्यमंत्री ने आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण के दिए सख्त निर्देश—कालाबाजारी और जमाखोरी पर होगी कार्रवाई

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के लिए शासन के वरिष्ठ अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आम जनता को आवश्यक वस्तुएं उचित दरों पर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। कालाबाजारी, जमाखोरी और मुनाफाखोरी के जरिए कृत्रिम रूप से कीमतें बढ़ाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।

बाजारों में कीमत और उपलब्धता पर रहेगी नजर

मुख्यमंत्री ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग समेत संबंधित विभागों को बाजार में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और कीमतों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर कृत्रिम कमी पैदा कर उपभोक्ताओं से निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूलने की स्थिति नहीं बनने दी जाए।

उन्होंने अधिकारियों से बाजार में मांग और आपूर्ति की स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा आवश्यकता के अनुसार समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

स्टॉक की भी होगी नियमित जांच

मुख्यमंत्री ने सभी जनपदों में जिला प्रशासन को नियमित रूप से बाजारों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान आवश्यक वस्तुओं के निर्धारित एवं प्रचलित बाजार मूल्यों के साथ-साथ स्टॉक की स्थिति की भी जांच करने को कहा गया।

कालाबाजारी, जमाखोरी अथवा निर्धारित मानकों के उल्लंघन का मामला सामने आने पर संबंधित व्यक्ति या प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

आम जनता के हितों की रक्षा प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में अनावश्यक बढ़ोतरी का सीधा असर आम नागरिक के घरेलू बजट पर पड़ता है। ऐसे में मूल्य नियंत्रण से जुड़ी व्यवस्थाओं को प्रभावी और पारदर्शी बनाए रखना जरूरी है।

उन्होंने शासन और जिला प्रशासन के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ बाजार की स्थिति पर सतत निगरानी रखने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें