पोखरी: विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर के दूसरे दिन 80 मरीजों की जांच, कैंसर और मधुमेह की स्क्रीनिंग

चमोली/पोखरी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोखरी में आयोजित तीन दिवसीय विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर के दूसरे दिन रविवार को 80 मरीजों को विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। शिविर में क्षेत्र के लोगों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लेने के साथ आवश्यक स्वास्थ्य जांचों का भी लाभ उठाया।

80 लाभार्थियों को मिली विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता के निर्देशन तथा शिविर प्रभारी डॉ. वैष्णव कृष्णा एवं डॉ. प्रियम गुप्ता के समन्वय में आयोजित शिविर में कुल 80 लाभार्थियों, जिनमें 33 पुरुष और 47 महिलाएं शामिल थीं, को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

कैंसर, मधुमेह और उच्च रक्तचाप की हुई जांच

शिविर के दौरान 15 लोगों की उच्च रक्तचाप तथा 25 लोगों की मधुमेह की जांच की गई। इसके अलावा 40 महिलाओं की स्तन कैंसर और 33 लोगों की मुख कैंसर की स्क्रीनिंग की गई।

मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के तहत चार गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व (एएनसी) जांच भी की गई।

आभा आईडी और आयुष्मान कार्ड बनाए गए

शिविर में 22 लाभार्थियों के आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (आभा) आईडी बनाए गए, जबकि पांच लोगों के अटल आयुष्मान स्वास्थ्य कार्ड जारी किए गए। इसके साथ ही पांच किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता, पोषण और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया गया।

56 लैब जांच और 13 एक्स-रे किए गए

राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत 13 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की गई। वहीं प्रयोगशाला में हीमोग्लोबिन, एलएफटी, केएफटी और लिपिड प्रोफाइल सहित कुल 56 जांचें की गईं तथा 13 एक्स-रे भी किए गए।

सभी 80 लाभार्थियों को विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों से संबंधित स्वास्थ्य परामर्श और जागरूकता संबंधी जानकारी भी प्रदान की गई।

27 जुलाई को लगेगा शिविर का अंतिम दिन

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता ने बताया कि विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर का तीसरा एवं अंतिम दिन 27 जुलाई (सोमवार) को भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोखरी में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शिविर का लाभ उठाने की अपील की।

प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रियम गुप्ता ने शिविर में सेवाएं देने वाले विशेषज्ञ चिकित्सकों, चिकित्सा अधिकारियों, नर्सिंग अधिकारियों, पैरामेडिकल एवं सहयोगी कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों तक विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें