पोखरी: साइबर सुरक्षा जनजागरूकता अभियान के तहत पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान—दुकानदारों और आमजन को किया सतर्क

पोखरी। राज्यव्यापी साइबर सुरक्षा जनजागरूकता अभियान के तहत पोखरी पुलिस ने गुरुवार को कस्बे सहित देवर और बाजार क्षेत्र में जागरूकता अभियान चलाया। थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार पंत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने स्थानीय दुकानदारों और आमजन को साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए सतर्क रहने की अपील की।

फर्जी कॉल और संदिग्ध लिंक से रहें सावधान

पुलिस ने लोगों को अनजान नंबरों से आने वाली कॉल, फर्जी कस्टमर केयर, संदिग्ध लिंक, यूपीआई फ्रॉड और एपीके फाइल के जरिए होने वाली साइबर ठगी के प्रति जागरूक किया।

इसके अलावा नौकरी, लॉटरी और लोन का झांसा देकर की जाने वाली ऑनलाइन धोखाधड़ी से भी सावधान रहने की अपील की गई।

पुलिस ने कहा कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और न ही किसी व्यक्ति के साथ ओटीपी, यूपीआई पिन या बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा करें।

ठगी होने पर तत्काल 1930 पर करें शिकायत

पुलिस टीम ने लोगों को जानकारी दी कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। इसके साथ ही लोगों को जीआरएम पोर्टल के उपयोग के संबंध में भी जानकारी दी गई।

पुलिस टीम ने लोगों को किया जागरूक

जागरूकता अभियान में उपनिरीक्षक प्रशांत बिष्ट, अपर उपनिरीक्षक दलबीर सिंह नेगी, आरक्षी भरत सिंह, होमगार्ड रोशन लाल, नगर पंचायत सदस्य जितेंद्र कुमार, माधुरी देवी और विष्णु लाल सहित स्थानीय दुकानदार एवं क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

रिपोर्ट: प्रदीप चौहान


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें