पोखरी में मोहनखाल-चोपता मोटर मार्ग निर्माण की मांग को लेकर जनप्रतिनिधियों का धरना 20वें दिन भी जारी

पोखरी। मोहनखाल-चोपता मोटर मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर जनप्रतिनिधियों का धरना गुरुवार को 20वें दिन भी जारी रहा। धरने में ब्लॉक प्रमुख राजी देवी, जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र के ग्राम प्रधानों सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने शामिल होकर मोटर मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर आवाज बुलंद की।

क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण है मोटर मार्ग

जनप्रतिनिधियों ने कहा कि मोहनखाल-चोपता मोटर मार्ग क्षेत्र के विकास के साथ-साथ स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। इस मार्ग के निर्माण से चमोली और रुद्रप्रयाग जनपद के ग्रामीण क्षेत्र बेहतर तरीके से आपस में जुड़ सकेंगे।

उन्होंने कहा कि सड़क बनने से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और पर्यटन की नई संभावनाएं विकसित होंगी। इससे स्थानीय लोगों की आर्थिकी मजबूत होने के साथ ही रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

पर्यटन विकास में मील का पत्थर साबित होने की उम्मीद

धरनारत जनप्रतिनिधियों ने कहा कि मोहनखाल-चोपता मोटर मार्ग भविष्य में क्षेत्र के पर्यटन विकास के लिए मील का पत्थर साबित हो सकता है। सड़क के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होने के साथ ही स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।

शीघ्र निर्माण प्रक्रिया शुरू करने की मांग

जनप्रतिनिधियों ने सरकार से मांग की कि जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण मोटर मार्ग के निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

रिपोर्ट: प्रदीप चौहान


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें