गोचर (प्रदीप चौहान)/कर्णप्रयाग। विधानसभा क्षेत्र कर्णप्रयाग के ग्रामीण इलाकों में सड़क कनेक्टिविटी मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। सिंद्रवाणी से सकण्ड तक प्रस्तावित 9.50 किलोमीटर लंबे मोटर मार्ग के नव निर्माण के प्रथम चरण को शासन से प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। लोक निर्माण विभाग, उत्तराखंड शासन की ओर से इस संबंध में शासनादेश जारी किया गया है।
प्रथम चरण के लिए 15.68 लाख रुपये स्वीकृत
शासनादेश के मुताबिक सिंद्रवाणी–सकण्ड मोटर मार्ग की कुल लंबाई 9.500 किलोमीटर निर्धारित की गई है। प्रथम चरण के कार्य के लिए उपलब्ध कराए गए आगणन के आधार पर 15.68 लाख रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। वहीं, चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में कार्य पर व्यय के लिए 10 हजार रुपये का प्रावधान किया गया है।
शासन की ओर से लोक निर्माण विभाग को निर्धारित प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
डीपीआर तैयार करने की प्रक्रिया शुरू
लोक निर्माण विभाग गोचर की ओर से मंगलवार से मोटर मार्ग की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने का काम शुरू कर दिया गया है। विभाग आवश्यक सर्वेक्षण और प्रारंभिक कार्यवाही पूरी करने के बाद डीपीआर तैयार करेगा। इसके बाद इसे वित्तीय स्वीकृति के लिए शासन के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
निर्माण कार्य में शासन द्वारा निर्धारित दरों, विशिष्टियों और तकनीकी मानकों का पालन सुनिश्चित करने के साथ ही गुणवत्ता एवं समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।
ग्रामीणों को आवागमन में मिलेगी सहूलियत
सिंद्रवाणी–सकण्ड मोटर मार्ग के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है। सड़क सुविधा उपलब्ध होने से ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य मार्गों से जोड़ने में मदद मिलेगी। इससे लोगों को दैनिक आवागमन के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में सहूलियत होगी।
इसके अलावा सड़क बनने से स्थानीय कृषि एवं अन्य उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने में भी सुविधा मिलने की संभावना है। ग्रामीणों का कहना है कि मोटर मार्ग का निर्माण क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही सड़क सुविधा की जरूरत को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
