हरिद्वार: रुड़की की ग्राम पंचायत टोडा कल्याणपुर में पीएम आवास योजना के लिए खुली बैठक आयोजित

हरिद्वार | प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत लाभार्थियों के चयन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विकासखंड रुड़की की ग्राम पंचायत टोडा कल्याणपुर एहतमाल में खुली बैठक आयोजित की गई। बैठक में पात्र एवं अपात्र लाभार्थियों के निर्धारण की प्रक्रिया पर ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित की गई।

भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार आयोजित इस बैठक का संचालन ग्राम विकास अधिकारी टिंकू चौहान ने किया। बैठक में ग्राम प्रधान, पंचायत प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।

ग्रामीणों के सामने पढ़ी गई लाभार्थियों की सूची

बैठक के दौरान ग्राम विकास अधिकारी ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के पात्र लाभार्थियों की सूची ग्रामीणों के समक्ष पढ़कर सुनाई। इससे पहले सूची को पंचायत भवन पर सार्वजनिक सूचना के लिए चस्पा भी किया गया था, ताकि ग्रामीणों को आपत्ति दर्ज कराने का पर्याप्त अवसर मिल सके।

पांच आपत्तियां मिलीं, सभी का मौके पर निस्तारण

खुली बैठक के दौरान ग्रामीणों की ओर से कुल पांच आपत्तियां दर्ज कराई गईं। अधिकारियों ने सभी आपत्तियों की मौके पर ही जांच कर उनका निस्तारण कर दिया।

अधिकारियों ने बताया कि इस प्रक्रिया का उद्देश्य योजना के लाभार्थियों का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं पात्रता आधारित चयन सुनिश्चित करना है, ताकि वास्तविक जरूरतमंद परिवारों को योजना का लाभ मिल सके।

बैठक का समापन उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों के धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।

रिपोर्ट: पहाड़ी चीता ब्यूरो


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें