जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने वन स्टॉप सेंटर और संगम पुस्तकालय का किया निरीक्षण—व्यवस्थाओं का लिया जायजा

जनपद। जिलाधिकारी श्री विशाल मिश्रा ने आज वन स्टॉप सेंटर और संगम पुस्तकालय का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने वन स्टॉप सेंटर में कार्यरत कर्मचारियों से केंद्र द्वारा किए जा रहे विभिन्न कार्यों और प्राप्त मामलों की जानकारी ली।

वन स्टॉप सेंटर की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने महिलाओं एवं बालिकाओं को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सेवाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अभिलेखों, परामर्श व्यवस्था, विधिक सहायता, पुलिस सहायता, चिकित्सा सुविधा और आश्रय व्यवस्था की भी समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्र पर आने वाली पीड़ित महिलाओं एवं बालिकाओं को संवेदनशील, सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाए। साथ ही शासन द्वारा निर्धारित सभी आवश्यक सेवाएं उन्हें एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

विशिष्ट दत्तक ग्रहण अभिकरण का भी निरीक्षण

इसके बाद जिलाधिकारी ने विशिष्ट दत्तक ग्रहण अभिकरण का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां बच्चों की देखभाल, सुरक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता एवं संरक्षण से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

उन्होंने बच्चों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए उनके लिए सुरक्षित, स्वच्छ और अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

संगम पुस्तकालय में छात्र-छात्राओं से किया संवाद

इसके पश्चात जिलाधिकारी संगम पुस्तकालय पहुंचे, जहां उन्होंने अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई, पुस्तकालय में उपलब्ध सुविधाओं और अध्ययन से जुड़ी आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने बताया कि ‘एक पुस्तकालय दान करें, ज्ञान का वृक्ष लगाएं’ अभियान के तहत जनपद में 1000 पुस्तकों का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसके सापेक्ष अब तक 2500 पुस्तकें प्राप्त हो चुकी हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा भी अभियान के तहत 150 पुस्तकों का योगदान किया गया है।

जिलाधिकारी ने कहा कि पुस्तकालय विद्यार्थियों के लिए ज्ञान और बेहतर भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने पुस्तकालयों को विद्यार्थियों के अध्ययन और ज्ञानवर्धन के लिए उपयोगी बनाने पर जोर दिया।

ये रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा, ग्रामीण निर्माण विभाग की अधिशासी अभियंता मीनल गुलाटी, सेवायोजन अधिकारी सुशील चामोली तथा वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक श्रीमती रंजना गैरोला मौजूद रहे।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें