ऋषिकेश। ऋषिकेश क्षेत्र में 16 वर्षीय नाबालिग के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत होटल मैनेजर और संचालक को गिरफ्तार किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर हरिद्वार क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पुलिस ने संबंधित होटल का लाइसेंस निरस्त करने के लिए उप जिलाधिकारी ऋषिकेश को रिपोर्ट भी भेजी है।
नाबालिग को होटल ले जाकर दुष्कर्म का आरोप
पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त 2026 को पीड़िता के पिता ने कोतवाली ऋषिकेश में तहरीर दी। तहरीर में बताया गया कि 29 अगस्त को मुजफ्फरनगर निवासी 21 वर्षीय सोफियान नामक युवक उनकी 16 वर्षीय नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ पुराना रेलवे स्टेशन के पास स्थित होटल गंगा इन ले गया, जहां उसके साथ मारपीट कर दुष्कर्म किया गया।
नाबालिग की तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया। मामले में कोतवाली ऋषिकेश में तत्काल मुकदमा दर्ज किया गया।
हरिद्वार से मुख्य आरोपी गिरफ्तार
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। टीम ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। 31 अगस्त 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सोफियान को हरिद्वार क्षेत्र में सिंहद्वार फ्लाईओवर के नीचे से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान आरोपी के पास से मोटोरोला कंपनी का मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस को मोबाइल से घटना के समय बनाई गई पीड़िता से संबंधित फोटो और वीडियो भी मिले।
होटल प्रबंधन की भूमिका भी सामने आई
पुलिस की पूछताछ और विवेचना में सामने आया कि नाबालिग को होटल में बिना उचित पहचान एवं सत्यापन तथा आवश्यक रजिस्टर प्रविष्टि के प्रवेश दिया गया था। पुलिस के मुताबिक, होटल प्रबंधन को घटना की जानकारी होने के बावजूद पुलिस या संबंधित सहायता एजेंसी को सूचना नहीं दी गई।
जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि पीड़िता को होटल से बाहर ले जाने के दौरान होटल के CCTV कैमरों को बंद किया गया था।
इन तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने होटल मैनेजर वैभव गुप्ता और होटल संचालक राहुल अग्रवाल को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। विवेचना में दोनों की संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस ने दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया।
तीनों आरोपियों पर मुकदमे में बढ़ाई गई धाराएं
पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी सोफियान, होटल मैनेजर वैभव गुप्ता और होटल संचालक राहुल अग्रवाल समेत कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के साथ बीएनएस की अन्य धाराओं की बढ़ोतरी की गई है।
साथ ही संबंधित होटल का लाइसेंस निरस्त करने के लिए सराय एक्ट के तहत उप जिलाधिकारी ऋषिकेश को रिपोर्ट भेजी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
1. सोफियान, पुत्र तुफैल अहमद, निवासी ग्राम गढ़ी, थाना जानसठ, जनपद मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश, उम्र 21 वर्ष।
2. वैभव गुप्ता, पुत्र देवेंद्र गुप्ता, निवासी मार्ग नं. 02, देहरादून रोड, ऋषिकेश, उम्र 34 वर्ष।
3. राहुल अग्रवाल, पुत्र विनोद अग्रवाल, निवासी अद्वैतानंद मार्ग, ऋषिकेश, उम्र 36 वर्ष।
यह रही पुलिस टीम
प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट, कोतवाली ऋषिकेश; व0उ0नि0 नवीन जोशी; उ0नि0 विकसित पंवार; उ0नि0 राजकुमार; उ0नि0 निखलेश बिष्ट; म0उ0नि0 ज्योति शर्मा; हे0का0 संदीप राठी; का0 तेज सिंह; का0 अभिषेक और का0 हिमांशु।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
