हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को डॉ. पृथ्वी सिंह विकसित डिग्री कॉलेज, धनौरी में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित ‘समरसता संकल्प यात्रा’ में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने संत रविदास जी महाराज के विचारों, आदर्शों और सामाजिक समरसता के संदेश को आत्मसात कर जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
समान नागरिक संहिता सामाजिक समानता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास जी महाराज की समरसता की सोच को धरातल पर उतारते हुए उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना, जहां समान नागरिक संहिता (यूसीसी) कानून लागू किया गया। प्रदेश की जनता के आशीर्वाद से राज्य सरकार ने यह ऐतिहासिक कार्य किया है। इसके तहत देवभूमि उत्तराखंड में रहने वाले सभी नागरिकों के लिए समान कानून की व्यवस्था की गई है। जाति, पंथ या वर्ग कोई भी हो, कानून की नजर में सभी समान हैं।
उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता केवल भाषणों और नारों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि यह हमारे व्यवहार और कार्यों में भी दिखाई देनी चाहिए। इसी भावना के अनुरूप राज्य सरकार अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्रों के समग्र विकास और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
छह वित्तीय वर्षों में अनुसूचित जाति क्षेत्रों के विकास के लिए जारी किए 239 करोड़ रुपये
मुख्यमंत्री ने बताया कि अनुसूचित जाति उपयोजना एवं ट्राइबल सब प्लान के अंतर्गत पिछले छह वित्तीय वर्षों में लगभग 239 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। इसके तहत विभिन्न विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इन कार्यों के माध्यम से अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति वर्ग के विद्यार्थियों को आर्थिक कठिनाइयों के कारण पढ़ाई बीच में न छोड़नी पड़े, इसके लिए प्रदेश में पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाएं संचालित की जा रही हैं। पिछले तीन वित्तीय वर्षों में इन योजनाओं के माध्यम से एक लाख से अधिक विद्यार्थियों को लगभग 114 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई है।
छात्रावास निर्माण और आदर्श ग्राम विकास पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के माध्यम से अनुसूचित जाति बहुल गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विकास कर उन्हें आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जा रहा है। वहीं, बाबू जगजीवन राम छात्रावास योजना के अंतर्गत देहरादून, अल्मोड़ा और नैनीताल में छात्रावासों का निर्माण कराया जा रहा है।
अंतरजातीय विवाह पर 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना भी संचालित कर रही है। इस योजना के अंतर्गत पति-पत्नी में से एक के अनुसूचित जाति वर्ग से संबंधित होने पर दंपत्ति को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। पिछले तीन वर्षों में 209 दंपत्तियों को एक करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि दी गई है।
उन्होंने कहा कि गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में आर्थिक कठिनाइयां बाधा न बनें, इसके लिए शादी अनुदान योजना संचालित की जा रही है। योजना के तहत पात्र अनुसूचित जाति परिवारों की अधिकतम दो बेटियों के विवाह के लिए प्रति बेटी 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उपलब्ध कराई जा रही है।
स्वच्छकारों की सुरक्षा और सम्मानजनक रोजगार के लिए नमस्ते योजना
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छकार भाई-बहनों की सुरक्षा, गरिमा और सम्मानजनक रोजगार सुनिश्चित करने के लिए नमस्ते योजना संचालित की जा रही है। इसके माध्यम से उन्हें असुरक्षित सीवर एवं सेप्टिक टैंक की सफाई के कार्यों से मुक्त करने के साथ-साथ स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार संत रविदास जी महाराज के बताए मार्ग पर चलते हुए समाज के सभी वर्गों को जोड़ने और ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र को साकार करने का कार्य कर रही है।
सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत करने का आह्वान
मुख्यमंत्री ने संत रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित समरसता संकल्प यात्रा को सामाजिक एकता, समानता और भाईचारे की भावना मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण आयोजन बताया। उन्होंने सभी लोगों से संत रविदास जी महाराज के आदर्शों को अपने जीवन और व्यवहार में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में महानिर्वाणी अखाड़े के श्रीमहंत रवींद्र पुरी महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी यतींद्रानंद गिरि महाराज, बाबा हठयोगी महाराज, स्वामी प्रबोधनंद गिरी महाराज, महंत अरुणदास जी महाराज, पूर्व मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री खजान दास, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, रुड़की मेयर अनीता अग्रवाल, राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल, राज्यमंत्री श्यामवीर सैनी, लाल सिंह आर्य, भोला सिंह, गजेंद्र यादव, आयुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर और मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
