गौचर। सुबह घर से स्कूल जाने के लिए निकला 15 वर्षीय बालक गौचर बाजार में भटकता मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर चौकी गौचर पुलिस ने बालक को अपने संरक्षण में लेकर उसके परिजनों से संपर्क किया। आवश्यक काउंसलिंग के बाद पुलिस ने बालक को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने लिया संरक्षण में
जानकारी के अनुसार, रविवार 23 नवंबर को गौचर बाजार में एक बालक को भटकता देख स्थानीय लोगों ने उसे चौकी गौचर पुलिस के सुपुर्द किया। पुलिसकर्मियों ने बालक से आत्मीयता और अपनत्व के साथ बातचीत कर उसे विश्वास में लिया तथा उसके परिजनों के संबंध में जानकारी जुटाई। इसके बाद पुलिस ने तत्काल परिजनों से संपर्क साधा।
सुबह स्कूल जाने के लिए निकला था बालक
परिजनों ने पुलिस को बताया कि बालक रोज की तरह सुबह स्कूल जाने के लिए घर से निकला था। बालक के बाजार में मिलने की सूचना से परिजन चिंतित थे। पुलिस ने बालक की काउंसलिंग कर उसे समझाया कि भविष्य में बिना किसी को बताए घर से दूर न जाए और किसी भी परेशानी की स्थिति में अपने परिजनों अथवा जिम्मेदार लोगों को इसकी जानकारी दे।
सुरक्षित घर पहुंचने पर परिजनों ने जताया आभार
आवश्यक काउंसलिंग के बाद पुलिस ने बालक को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। अपने बच्चे को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों ने गौचर पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता और मानवीय व्यवहार की सराहना करते हुए पुलिस का आभार व्यक्त किया।
रिपोर्ट: प्रदीप चौहान
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
