गोचर: पितृ पक्ष के चलते चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या में अचानक इजाफा—ऋषिकेश से बदरीनाथ तक वाहनों का बढ़ा दबाव

गोचर। पितृ पक्ष के चलते चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या में अचानक इज़ाफा हुआ है। देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने पितरों के निमित्त पिंडदान और तर्पण करने के लिए बदरीनाथ धाम सहित अन्य तीर्थस्थलों की ओर पहुँच रहे हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही से ऋषिकेश से लेकर बदरीनाथ तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है। कई स्थानों पर यातायात धीमा होने से जाम की स्थिति बन रही है।

पितृ पक्ष में बदरीनाथ धाम और अलकनंदा नदी के तट पर पिंडदान एवं तर्पण का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। इसी को देखते हुए इन दिनों बड़ी संख्या में श्रद्धालु बदरीनाथ धाम की यात्रा कर रहे हैं। सुबह से ही यात्रा मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। ऋषिकेश, देवप्रयाग, श्रीनगर, रुद्रप्रयाग, कर्णप्रयाग, गौचर, चमोली और पीपलकोटी समेत कई स्थानों पर वाहनों का दबाव बढ़ा है।

चारधाम यात्रा के साथ ही पितृ पक्ष के कारण तीर्थयात्रियों की संख्या बढ़ने से होटल, धर्मशाला और यात्रा मार्ग के बाज़ारों में भी रौनक बढ़ गई है। स्थानीय व्यापारियों और होटल कारोबारियों को भी यात्रियों की बढ़ती संख्या से कारोबार में तेज़ी आने की उम्मीद है।

यात्रा मार्ग पर बढ़ते यातायात को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से भी व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं। संवेदनशील स्थानों पर यातायात व्यवस्था संभालने के साथ ही जाम की स्थिति में वाहनों को नियंत्रित किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए यात्रा मार्ग पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने की ज़रूरत महसूस की जा रही है।

रिपोर्ट: प्रदीप चौहान


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें