गौचर: गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर धनपुर वन क्षेत्र में आयोजित हुए कार्यक्रम—ध्वजारोहण कर दी श्रद्धांजलि

गौचर । गांधी जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर धनपुर वन क्षेत्र गौचर रेंज कार्यालय में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान ध्वजारोहण कर महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वहीं, वन्यजीव सुरक्षा सप्ताह के तहत वन विभाग और आईटीबीपी के जवानों ने संयुक्त रूप से स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छता एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूक किया।

ध्वजारोहण के बाद महापुरुषों को दी श्रद्धांजलि

कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके बाद अधिकारियों और कर्मचारियों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने महात्मा गांधी के प्रिय भजन ‘रघुपति राघव राजा राम’ का सामूहिक गायन भी किया।

आईटीबीपी और वन विभाग ने चलाया स्वच्छता अभियान

कार्यक्रम के बाद आठवीं वाहिनी आईटीबीपी गौचर के जवानों और वन विभाग के कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से स्वच्छता अभियान चलाया। अभियान के दौरान वन क्षेत्र में साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

इसके साथ ही वन्यजीव सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत वन्यजीवों के संरक्षण और सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए जागरूकता रैली निकाली गई।

मानव-वन्यजीव संघर्ष कम करने पर जोर

वन क्षेत्राधिकारी नवल किशोर नेगी के नेतृत्व में निकाली गई रैली के माध्यम से लोगों को वन्यजीवों की सुरक्षा और मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने का संदेश दिया गया।

उन्होंने कहा कि प्रकृति, वन्यजीवों और मानव के बीच संतुलन बनाए रखना बेहद जरूरी है। वन्यजीवों का संरक्षण केवल वन विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने लोगों से वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील रहने और उनके संरक्षण में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

कार्यक्रम में वन दरोगा हनुमान सिंह, विजय नेगी, जमन सिंह, विक्रम सिंह तथा वन आरक्षी पूजा, सावित्री और दिव्या सहित वन विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं, आठवीं वाहिनी आईटीबीपी गौचर के जवानों ने भी स्वच्छता अभियान और जागरूकता रैली में सहभागिता की।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें