सुल्तानपुर। सर्दियों की शुरुआत के साथ ही अंकुरण फाउंडेशन सुल्तानपुर ने सेवा और संवेदना की मिसाल पेश करते हुए मानसिक मंदित विद्यालय, भाईं के बच्चों को जैकेट, हुडी एवं स्वेटर भेंट किए। फाउंडेशन की इस पहल से बच्चों के चेहरों पर मुस्कान खिल उठी। बच्चों की खुशी और उत्साह ने कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों को भावुक कर दिया।
महिला टीम ने संभाली अभियान की जिम्मेदारी
अंकुरण परिवार की इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों को ठंड से बचाने के साथ-साथ उन्हें अपनत्व और सम्मान का एहसास कराना रहा। इस सेवा अभियान में अंकुरण फाउंडेशन की महिला टीम ने अग्रणी भूमिका निभाते हुए पूरे कार्यक्रम की अगुवाई की। वहीं, युवा साथियों ने उत्साह, ऊर्जा और सहयोग के साथ इस पहल को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। महिला शक्ति की संवेदनशीलता और युवाओं की सक्रियता का यह संगम अंकुरण परिवार की एकजुटता और सेवाभाव को दर्शाता है।
पूरे सर्दी के मौसम में जारी रहेगा सेवा अभियान
अंकुरण फाउंडेशन का संकल्प है कि सेवा की यह पहल केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगी। पूरे ठंड के मौसम में अंकुरण कपड़ा बैंक के माध्यम से जरूरतमंदों एवं असहाय परिवारों तक गर्म कपड़े, जैकेट, स्वेटर और कंबल पहुंचाने का अभियान निरंतर जारी रहेगा। फाउंडेशन का प्रयास है कि इस सर्दी कोई भी जरूरतमंद गर्म कपड़ों के अभाव में ठिठुरने को मजबूर न हो।
इन सदस्यों ने निभाई अहम भूमिका
इस सेवा अभियान में अंकुरण परिवार की ओर से डॉ. शालिनी पांडेय, नैवेद्य, नंदनी, सविता, रेनू, पल्लवी, गायत्री, सुचित्रा, प्रतिमा सिंह, सत्यम, प्रतीक, अनुराग श्रीवास्तव एवं मनीष राज ने सक्रिय सहभागिता निभाई। सभी सदस्यों का सेवाभाव और समर्पण इस पहल की वास्तविक ताकत रहा।
फाउंडेशन की इस पहल के माध्यम से समाज को यह संदेश दिया गया कि किसी जरूरतमंद को दिया गया गर्म कपड़ा केवल उसके शरीर को ठंड से नहीं बचाता, बल्कि उसके मन में यह विश्वास भी जगाता है कि समाज में उसकी परवाह करने वाले लोग मौजूद हैं।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
