देवाल/चमोली। भारतीय जनता पार्टी की ओर से देवाल मुख्य बाजार में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। थराली विधायक भूपाल राम टम्टा के नेतृत्व में निकाली गई इस यात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
तिरंगा यात्रा देवाल पार्किंग से शुरू होकर मुख्य बाजार के अंतिम छोर तक पहुंची। यात्रा में राजकीय इंटर कॉलेज, शिशु मंदिर और विद्या मंदिर के छात्र-छात्राएं शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर निकले विद्यार्थियों और कार्यकर्ताओं ने “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के नारे लगाए, जिससे पूरा देवाल बाजार देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।
घर-घर तिरंगा फहराने का आह्वान
इस अवसर पर थराली विधायक भूपाल राम टम्टा और देवाल ब्लॉक प्रमुख तेजपाल रावत ने तिरंगा यात्रा में शामिल सभी छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने का आह्वान करते हुए राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।
तिरंगा यात्रा के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजन ने देवाल क्षेत्र में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
रिपोर्ट: प्रदीप चौहान
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
