देवाल। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चमोली पुलिस ने देवाल क्षेत्र में अवैध भांग की खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। पुलिस और संबंधित विभागों की संयुक्त टीम ने रामपुर तोक में करीब 70 नाली भूमि पर उगाई गई अवैध भांग की खेती को नष्ट किया। कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों और अवैध खेती से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग की अपील की गई।
संयुक्त टीम ने चलाया अभियान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नशामुक्त उत्तराखंड अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देशन में एसओजी चमोली, चौकी देवाल, समाज कल्याण विभाग, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और वन विभाग की संयुक्त टीम ने रामपुर तोक में अभियान चलाया।
टीम ने क्षेत्र में उगाई गई भांग की फसल को नष्ट किया। साथ ही ग्रामीणों को अवैध मादक पदार्थों की खेती से होने वाले कानूनी और सामाजिक नुकसान के प्रति जागरूक किया गया।
साइबर ठगी से बचाव की भी दी जानकारी
अभियान के दौरान प्रभारी एसओजी उपनिरीक्षक सतेन्द्र बुटोला ने ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति भी जागरूक किया। उन्होंने फर्जी केवाईसी, बैंक अथवा एटीएम बंद होने का झांसा, ऑनलाइन निवेश, फर्जी लोन और नौकरी, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कस्टमर केयर तथा संदिग्ध लिंक और क्यूआर कोड के माध्यम से होने वाली ठगी से सतर्क रहने की अपील की।
उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, पिन, सीवीवी अथवा बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।
पुलिस और विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
कार्रवाई में चौकी प्रभारी देवाल राकेश डिमरी, कांस्टेबल सलमान सहित पुलिस और संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
