बड़कोट/पुरोला। दीपावली के अवसर पर पूर्व विधायक मालचंद ने अपने आवास पर यमुना घाटी के पत्रकारों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के पत्रकारों का फूलमालाओं से स्वागत किया और दीपावली की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में पत्रकारों के साथ क्षेत्र के बुद्धिजीवी भी मौजूद रहे।
विधायक कार्यकाल के विकास कार्यों का किया उल्लेख
कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक मालचंद ने पत्रकारों के साथ अपने राजनीतिक जीवन और जनप्रतिनिधि के रूप में मिले अनुभव साझा किए। उन्होंने अपने विधायक कार्यकाल की यादें ताजा करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों और विकास निधि के बावजूद विपक्ष में रहते हुए भी उन्होंने क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयास किए।
उन्होंने अपने कार्यकाल में कराए गए विभिन्न विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका प्रयास दूरस्थ गांवों और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की सुविधाएं पहुंचाना रहा।
मंदिरों के जीर्णोद्धार और लोकसंस्कृति संरक्षण पर जोर
मालचंद ने कहा कि अपने कार्यकाल में क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत और लोकसंस्कृति के संरक्षण को भी प्राथमिकता दी। इसके तहत विधानसभा क्षेत्र के कई प्राचीन मंदिरों के सौंदर्यीकरण और जीर्णोद्धार के कार्य कराए गए। पारंपरिक लोक वाद्य यंत्रों को धरोहर के रूप में संरक्षित करने की दिशा में भी पहल की गई, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी रहें।
2027 विधानसभा चुनाव को लेकर रखी दावेदारी
पत्रकारों से संवाद के दौरान मालचंद ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने पत्रकारों और बुद्धिजीवियों से क्षेत्र के विकास एवं जनहित से जुड़े सुझाव मांगे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सकारात्मक सुझाव जनप्रतिनिधियों का मार्गदर्शन करते हैं।
मालचंद ने कहा कि क्षेत्र की जनता का उन्हें लगातार प्यार, स्नेह और विश्वास मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यदि भारतीय जनता पार्टी उन पर भरोसा जताकर आगामी विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी बनाती है, तो जनता के आशीर्वाद से वह ऐतिहासिक मतों से जीत हासिल करेंगे और पहले से अधिक समर्पण एवं ऊर्जा के साथ क्षेत्र की सेवा करेंगे।
उन्होंने कहा कि उन्हें दो बार पुरोला विधानसभा क्षेत्र की जनता की सेवा करने का अवसर मिला, जिसे वह अपने जीवन का सबसे बड़ा सम्मान मानते हैं।
पत्रकारों को बताया लोकतंत्र का सशक्त स्तंभ
पूर्व विधायक ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का सशक्त स्तंभ हैं। क्षेत्र की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।
कार्यक्रम में पुरोला ब्लॉक प्रमुख इशिता शाह, उत्तरकाशी प्रेस क्लब अध्यक्ष चिरंजीव सेमवाल, राधेकृष्ण उनियाल, वीरेन्द्र चौहान, दिपेन्द्र कलूड़ा, दिनेश रावत, द्वारिका प्रसाद सेमवाल, विजयपाल रावत, तिलक चंद रमोला, गोपाल रावत, भगवती प्रसाद, कैलाश रावत, रोहित बिजल्वाण, सुनील थपलियाल, उपेन्द्र असवाल, अरविन्द जयाड़ा और नमो भण्डारी उपस्थित रहे।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
