CM धामी ने श्रीनगर में स्थानीय चाय की दुकान पर रुककर लोगों के साथ पी चाय, सादगी से जीता दिल

श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को अपनी सहजता और सादगी से श्रीनगर के स्थानीय लोगों का दिल जीत लिया। जीवीके हेलीपैड से सड़क मार्ग के जरिए देहरादून जाते समय मुख्यमंत्री श्रीनगर चुंगी के पास मंगल सिंह की चाय की दुकान पर रुके। यहां उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ चाय पी और दुकानदार सहित मौजूद नागरिकों से आत्मीय संवाद किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं बच्चियों, स्थानीय नागरिकों और अधिकारियों को चाय परोसी। मुख्यमंत्री को अपने बीच सहज रूप से पाकर दुकानदारों और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

स्थानीय कारोबार को बढ़ावा देने का संदेश

मुख्यमंत्री का स्थानीय दुकान पर रुककर चाय पीना ‘लोकल फॉर वोकल’ की भावना को प्रोत्साहित करने की पहल के रूप में देखा गया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय दुकानदारों और छोटे कारोबारियों का उत्साह बढ़ाते हुए स्थानीय व्यवसायों को महत्व देने का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री की इस पहल ने स्थानीय उत्पादों को अपनाने और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की जरूरत को भी रेखांकित किया। छोटे कारोबारियों को प्रोत्साहन देने के साथ ही यह संदेश दिया गया कि स्थानीय व्यापार को आगे बढ़ाने में आम नागरिकों की भागीदारी भी महत्वपूर्ण है।

सड़क मार्ग से देहरादून जाते समय किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सड़क मार्ग से देहरादून जा रहे थे। इस दौरान उन्होंने सड़क मार्ग का निरीक्षण भी किया। श्रीनगर चुंगी पर स्थानीय दुकान में रुकने और लोगों से बातचीत करने की उनकी सहज पहल चर्चा का विषय रही।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें