बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने का आह्वान
बांसुरी स्वराज ने कहा कि संगठन की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ताओं और बूथ स्तर पर सक्रियता में निहित है। आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ निभानी होगी।
उन्होंने पार्टी की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने तथा जनसंपर्क अभियान को निरंतर गति देने का आह्वान किया। उन्होंने मंडल से लेकर बूथ स्तर तक संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी बनाने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और पार्टी के निर्धारित कार्यक्रमों को धरातल पर उतारने पर जोर दिया।
बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों और विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
सामूहिक भागीदारी और बेहतर तालमेल पर जोर
प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत भारद्वाज ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल और निरंतर सक्रियता जरूरी है। उन्होंने पार्टी की योजनाओं और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ संगठनात्मक गतिविधियों में सामूहिक भागीदारी सुनिश्चित करने की बात कही।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्त्वाल ने जिले में किए गए संगठनात्मक कार्यों की जानकारी दी और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की। इस दौरान संगठन की मौजूदा गतिविधियों की समीक्षा की गई और भविष्य की कार्ययोजना पर भी चर्चा हुई।
वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की रही मौजूदगी
बैठक में जिला प्रभारी संपत रावत, सह प्रभारी महावीर सिंह पंवार, प्रदेश मंत्री सतीश लखेड़ा, पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश मैखुरी, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं राज्य मंत्री रामचंद्र गौड़, हरक सिंह नेगी, ऋषि प्रसाद सती, रमेश गढ़िया और बलवीर घुनियाल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इसके अलावा कर्णप्रयाग की ब्लॉक प्रमुख दीपिका मैखुरी, पूर्व जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रुद्रप्रयाग के सह प्रभारी रघुवीर सिंह बिष्ट, गोचर नगर पालिका के सभासद नमित, सुनील कुमार, टीका प्रसाद मैखुरी और रानीगढ़ मंडल अध्यक्ष शैलेंद्र नेगी सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने भी बैठक में सहभागिता की।
कार्यक्रम का संचालन भाजपा के जिला महामंत्री अरुण मैठाणी और विनोद कंवासी ने किया। बैठक में कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर पर अधिक सक्रिय बनाने, जनसंपर्क बढ़ाने और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं से हुआ स्वागत
बैठक से पूर्व बांसुरी स्वराज के आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ उनका स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। बैठक में नेताओं ने संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने और पार्टी की नीतियों को आमजन तक पहुंचाने पर जोर दिया।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
