चमोली: उत्तराखंड क्रांति दल में शामिल हुए आंदोलनकारी कमल किशोर डिमरी, बड़ी संख्या में समर्थकों ने ली सदस्यता

चमोली।
उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के कार्यकर्ता सम्मेलन एवं सदस्यता अभियान के तहत चमोली में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड आंदोलनकारी एवं शिक्षक रहे कमल किशोर डिमरी ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थकों ने भी उत्तराखंड क्रांति दल का दामन थामा।

बद्री-केदार मंदिर समिति के बैंक्वेट हॉल में आयोजित सम्मेलन में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन विस्तार और आगामी रणनीति पर चर्चा की।

जनता की लड़ाई लड़ने का संकल्प

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कमल किशोर डिमरी ने कहा कि उनका जीवन राज्य आंदोलन से लेकर वर्तमान समय तक संघर्षपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण से लेकर आज तक उन्होंने जनता के हितों के लिए संघर्ष किया है और अब क्षेत्रीय दल उत्तराखंड क्रांति दल के माध्यम से जनहित के मुद्दों पर कार्य करेंगे।

सरकार पर साधा निशाना

पार्टी के केंद्रीय महामंत्री बृजमोहन सिंह सजवाण ने कहा कि यदि जनप्रतिनिधियों से सवाल करना अपराध है तो उत्तराखंड क्रांति दल यह कार्य आगे भी करता रहेगा। उन्होंने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट को वर्ष 2027 में बद्रीनाथ विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की चुनौती भी दी।

प्रदेश में बदलाव का किया दावा

केंद्रीय महामंत्री एवं तराई प्रभारी राजेंद्र बिष्ट ने कहा कि प्रदेश में बदलाव की शुरुआत बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र से होगी और जनता का विश्वास उत्तराखंड क्रांति दल पर लगातार बढ़ रहा है।

कार्यकारी अध्यक्ष जे.पी. उपाध्याय ने कहा कि उत्तराखंड के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए प्रदेश की जनता को क्षेत्रीय दल का साथ देना होगा।

राज्य आंदोलन की यादें की साझा

पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान हुए संघर्षों और घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि लंबे संघर्ष और बलिदानों के बाद अलग राज्य का गठन संभव हो पाया।

जिला अध्यक्ष युधवीर सिंह नेगी ने कहा कि उत्तराखंड का भविष्य युवाओं के हाथ में है और आज का युवा सही-गलत का निर्णय लेने में सक्षम है।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में राजेश्वरी देवी, किरण डिमरी, मूसली देवी, लक्ष्मी देवी, गणेश काला, दिनेश मास्टर, लुसुन टोडरिया, महिपाल फरस्वाण, एस.पी. पुरोहित, के.एल. शाह, अरुण शाह, पंकज पुरोहित, भगत कुँवर, सुबोध बिष्ट, धर्मेंद्र फरस्वाण, धीरज बिष्ट, सौरभ नौटियाल, अंकित पंत, सुदर्शन नेगी, सूरज सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।

रिपोर्ट: प्रदीप चौहान


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें