चमोली।
सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों के क्रम में मंगलवार को जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में जनपद के राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण एवं अनुरक्षण से जुड़े विभागों को न्यायालय के निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सख्त निर्देश
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय द्वारा राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क दुर्घटनाओं की प्रभावी रोकथाम के लिए सभी जिलाधिकारियों एवं पुलिस अधीक्षकों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
इन आदेशों के अनुपालन में जिलाधिकारी ने सड़क सुरक्षा टास्क फोर्स गठित करने तथा पुलिस एवं परिवहन विभाग की संयुक्त टीम बनाने के निर्देश दिए।
रेखीय विभागों के लिए जारी होगी एसओपी
जिलाधिकारी ने सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप सभी संबंधित विभागों के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी करने के निर्देश भी दिए।
इसके अलावा उन्होंने जनपद में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए बैरियरों की जानकारी एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराने को कहा।
राष्ट्रीय राजमार्ग सुरक्षा क्षेत्र में बने भवनों का होगा चिन्हीकरण
बैठक में एनएचआईडीसीएल, बीआरओ, लोक निर्माण विभाग (एनएच) सहित अन्य विभागों को निर्देश दिए गए कि 13 जून से पूर्व राष्ट्रीय राजमार्गों के सुरक्षा क्षेत्र में बने आवासीय एवं व्यावसायिक भवनों का चिन्हीकरण कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
सुरक्षा व्यवस्थाओं पर तेजी से कार्य करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को सड़क सुरक्षा से संबंधित कार्यों को तेजी से पूर्ण कर उसकी पूर्णता रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
ये रहे मौजूद
बैठक में सिविल जज एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पुनीत कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जनपद के सभी उप जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
