चमोली।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में मंगलवार को जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में सीएम हेल्पलाइन 1905 पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों में लंबित शिकायतों की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शिकायतों का शीघ्र, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
लोक निर्माण विभाग की सर्वाधिक शिकायतें लंबित
बैठक में बताया गया कि जनपद में विभागवार सर्वाधिक 38 शिकायतें लोक निर्माण विभाग से संबंधित लंबित हैं। इसके अलावा राजस्व विभाग की 28, वन विभाग की 12, पुलिस विभाग की 11 तथा ग्राम्य विकास एवं सिंचाई विभाग की संयुक्त रूप से 10-10 शिकायतें सीएम हेल्पलाइन पर लंबित हैं।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी लंबित शिकायतों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डिमांड में कन्वर्ट और फोर्स क्लोज मामलों पर गंभीरता बरतने के निर्देश
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से उन शिकायतों पर गंभीरता से विचार करने को कहा, जिन्हें डिमांड में कन्वर्ट अथवा फोर्स क्लोज किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
साप्ताहिक समीक्षा और फीडबैक लेने के निर्देश
जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग से जुड़ी शिकायतों पर उपजिलाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा, जबकि लोक निर्माण विभाग को सड़क एवं निर्माण कार्यों से संबंधित शिकायतों के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की साप्ताहिक समीक्षा नियमित रूप से की जाए तथा शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर फीडबैक भी लिया जाए।
सीएम हेल्पलाइन ऐप डाउनलोड करने के निर्देश
बैठक में अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन मोबाइल ऐप डाउनलोड कर शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
जनपद में 192 शिकायतें लंबित
डेटा एंट्री ऑपरेटर मुकेश आर्य ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में वर्तमान में कुल 192 शिकायतें लंबित हैं। इनमें 129 शिकायतें एल-1 स्तर पर, 30 शिकायतें एल-2 स्तर पर, 11 शिकायतें एल-3 स्तर पर तथा 22 शिकायतें एल-4 स्तर पर लंबित हैं।
ये रहे मौजूद
बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, परियोजना निदेशक आनंद सिंह भाकुनी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी अभिषेक गुप्ता, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीकांत पुरोहित सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
